अर्थव्यवस्था

वित्त वर्ष 23 में वस्तु एवं सेवा निर्यात पार करेगा 760 अरब डॉलर का आंकड़ा : पीयूष गोयल

Published by
श्रेया नंदी
Last Updated- March 28, 2023 | 10:41 PM IST

भारत का कुल निर्यात – वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात हालिया वित्त वर्ष 2022-23 में 760 अरब डॉलर को पार करने की उम्मीद है। यह जानकारी वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को दी। बीते वित्त वर्ष में वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात 676 अरब डॉलर था।

अप्रैल-फरवरी के दौरान वस्तुओं के निर्यात में 7.5 फीसदी का इजाफा हुआ और यह बढ़कर 405.94 अरब डॉलर हो गया था। वाणिज्य मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक इस आलोच्य अवधि के दौरान सेवा निर्यात 30.4 फीसदी बढ़कर 296.94 अरब डॉलर हो गया।

गोयल ने कहा, ‘‘आलोचना करने वाले गलत साबित हुए हैं। मुझे यह जानकारी साझा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत का निर्यात (मंगलवार को) 750 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। वस्तुओं और सेवाओं दोनों के निर्यात में वृद्धि हुई है।’’

गोयल ने एसोचैम के सालाना अधिवेश 2023 में कहा, ‘‘पूरे दुनिया मंदी की चपेट में है। ज्यादातर विकसित देशों में मुद्रास्फीति अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। ब्याज दरों में तेजी से इजाफा हो रहा है। भारत को छोड़कर पूरी दुनिया में निराशा का माहौल है लेकिन हमें भारत के प्रदर्शन के कारण गर्व है।’’

मंत्री ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)और ऑस्ट्रेलिया से मुक्त व्यापार समझौते का उद्योग ने स्वागत किया है। भारत विकसित देशों जैसे कनाडा, यूनाइटिड किंगडम और यूरोपियन यूनियन से व्यापार समझौते के लिए बातचीत कर रहा है।

First Published : March 28, 2023 | 10:41 PM IST