केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ बहुत अच्छा व्यापार समझौता हासिल किया है, जो अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर है और इसमें कृषि तथा डेयरी क्षेत्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है।
वाशिंगटन के साथ किन शर्तों पर सहमति बनी है, इसका विवरण दिए बिना गोयल ने कहा कि व्यापार समझौता अंतिम चरण में है और इसके ढांचे (आउटलाइन) को स्पष्ट करने के लिए भारत-अमेरिका का संयुक्त बयान जल्द जारी किया जाएगा।
उन्होंने इस समझौते को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश करने पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा। खास तौर पर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उनका नकारात्मक दृष्टिकोण है और वे भारत की प्रगति के विरोधी हैं।
गोयल ने कहा कि वह संसद में इस व्यापार समझौते पर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा पैदा किए गए अशोभनीय हालात के कारण ऐसा नहीं कर सके।
Also Read: India-Us trade deal: भारतीय मसालों का जायका होगा तेज, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित व्यापार समझौते को सफलतापूर्वक अंतिम रूप दिया है, और इसके लिए पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंधों के कारण भारत को अमेरिका के साथ एक अच्छा व्यापार सौदा हासिल हुआ है।
गोयल ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के गरीबों, मत्स्यकर्मियों, किसानों और युवाओं के लिए बड़े अवसर खोलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत है।
गोयल के मुताबिक, इस समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर लगाया गया जवाबी शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) 50 फीसदी से घटकर 18 फीसदी रह जाएगा।
Also Read: Explainer: India-US Trade Deal के बाद देश के टेक्सटाइल सेक्टर को कैसे बूम मिलने वाला है?
इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय सामानों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ में कटौती का स्वागत किया और इसे ‘मेड इन इंडिया’ पहल के लिए बड़ी राहत बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने कहा कि अब भारतीय उत्पादों पर जवाबी टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मेड इन इंडिया उत्पादों के लिए अच्छी खबर है। अब इन पर 18 फीसदी टैरिफ लगेगा। इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के नेतृत्व को धन्यवाद। हमारी दोनों बड़ी लोकतांत्रिक देशों के लोगों को इससे फायदा मिलेगा।”