भारत

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का स्वागत किया, कहा- ‘मेड इन इंडिया’ को मिली बड़ी राहत

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने कहा कि अब भारतीय उत्पादों पर जवाबी टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा

Published by
अंशु   
Last Updated- February 03, 2026 | 5:17 PM IST

India-US trade deal: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को भारतीय सामानों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ में कटौती का स्वागत किया और इसे ‘मेड इन इंडिया’ पहल के लिए बड़ी राहत बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने कहा कि अब भारतीय उत्पादों पर जवाबी टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मेड इन इंडिया उत्पादों के लिए अच्छी खबर है। अब इन पर 18 फीसदी टैरिफ लगेगा। इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के नेतृत्व को धन्यवाद। हमारी दोनों बड़ी लोकतांत्रिक देशों के लोगों को इससे फायदा मिलेगा।”

ट्रेड डील से अमेरिका को क्या मिलेगा?

यह अहम सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बीच हुई उच्चस्तरीय टेलीफोन बातचीत के बाद सामने आया है। इसके जवाब में भारत ने अमेरिकी सामानों पर व्यापारिक बाधाएं कम करने और ऊर्जा, तकनीक और कृषि सहित कई क्षेत्रों में आयात को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है।

व्यापार समझौते की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी है कि “मेड इन इंडिया प्रोडक्ट पर अब 18 फीसदी का कम टैरिफ लगेगा।”

Also Read: Explainer: India-US Trade Deal के बाद देश के टेक्सटाइल सेक्टर को कैसे बूम मिलने वाला है?

ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर खुशी हुई कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब 18 फीसदी का कम टैरिफ लगेगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का बहुत-बहुत धन्यवाद।”

उन्होंने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे लोगों को लाभ होता है और आपसी सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (X) पर कहा, “वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरी तरह समर्थन करता है।”

शून्य टैरिफ की दिशा में बढ़ेगा भारत

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए “टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं” को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ऊर्जा सहित अमेरिकी सामानों की 500 अरब डॉलर से अधिक की खरीद करेगा।

Also Read: अमेरिकी टैरिफ कटौती से रत्न, आभूषण और कपड़ा सेक्टर को बढ़ावा, रूसी तेल से तुरंत दूरी मुश्किल: Moody’s

सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के साथ मित्रता और सम्मान के चलते और उनके अनुरोध पर, तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति जताई है। इसके तहत अमेरिका ने जवाबी टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने का फैसला किया है।”

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : February 3, 2026 | 5:12 PM IST