अगर आप स्वास्थ्य बीमा के भारी भरकम प्रीमियम से परेशान हैं, तो आपके लिए आसान विकल्प हाजिर है। दरअसल महंगे स्वास्थ्य बीमा की वजह से भागते ग्राहकों को लुभाने के लिए बीमा कंपनियों ने नया रास्ता अपनाया है।
अब वे ‘टॉप अप बीमा’ दे रही हैं, जिसमें प्रीमियम राशि लगभग आधी हो जाती है। अगर आप अपने इलाज के शुरुआती खर्च खुद झेलने के लिए तैयार हैं, तो आपके लिए यह स्वास्थ्य बीमा है।
यदि इलाज का खर्च आपके नियोक्ता की ओर से दिए गए बीमा की सीमा से आगे निकल जाता है या आपकी जेब जवाब दे जाती है, तो बीमा कंपनी आपको भुगतान करेगी। फिलहाल यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस और स्टार हेल्थ और ऐलाइड इंश्योरेंस यह बीमा मुहैया करा रही हैं।
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड भी फरवरी में इसमें उतर रही है। मान लीजिए कि 35 साल की उम्र वाले किसी शख्स के लिए उसकी कंपनी 5 लाख रुपये का हेल्थ कवर मुहैया करा रही है, इसमें 10 लाख रुपये और जोड़ने का रास्ता भी है।
जहां 10 लाख रुपये की पॉलिसी के लिए सालाना प्रीमियम के तौर पर 10,300 रुपये तक देने पड़ सकते हैं वहीं टॉप अप पॉलिसी में आपको महज 2,900 रुपये का सालाना प्रीमियम ही देना होगा।
गैर नौकरीपेशा लोग भी इस पॉलिसी को ले सकते हैं। लेकिन उन्हें शुरुआती खर्चा तो उठाना ही होगा। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस में पॉलिसी, टॉप अप और सुपर टॉप अप श्रेणी में उपलब्ध है। अधिकतम दो लाख रुपये की पॉलिसी में 2 लाख से लेकर 15 लाख तक का अतिरिक्त ‘टॉप अप’ कराया जा सकता है।
टॉप बीमा में जेब भी दुरुस्त
मौजूदा स्वास्थ्य टॉप अप टॉप अप
बीमा राशि बीमा प्रीमियम बीमा प्रीमियम
2,00,000 2,469 3,00,000 1,700
2,00,000 2,469 5,00,000 2,300
3,00,000 3,444 3,00,000 1,400
3,00,000 3,444 7,00,000 2,500
5,00,000 5,151 10,00,000 2,900
5,00,000 5,151 15,00,000 4,100
आंकड़े रुपये में 35 साल उम्र वाले व्यक्ति के लिए