भारतीय टेक्नोलॉजी स्टार्टअप कंपनियों ने 102 राउंड के सौदों और 9 अधिग्रहणों के जरिये अगस्त में 88.5 करोड़ डॉलर की पूंजी हासिल की। ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ट्रैक्सन की मासिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई के मुकाबले इन कंपनियों में अगस्त के दौरान निवेश में 20 प्रतिशत, वित्तीय सौदों में 8 प्रतिशत और अधिग्रहणों में 18 प्रतिशत तक की कमी आई। बेंगलूरु ने कुल कोष उगाही में बड़ा योगदान दिया, जिसके बाद मुंबई और दिल्ली का स्थान रहा।
2021 की पहली तिमाही में टेक स्टार्टअप के लिए तिमाही फंडिंग 14.8 अरब डॉलर पर रही और तब से इसमें तेज गिरावट आई है। निवेश में यह सुस्ती अगले 12-18 महीनों के दौरान बरकरार रहने का अनुमान है।
हालांकि इस सुस्ती के बावजूद एडटेक यूनिकॉर्न अपग्रेड ने अगस्त में 21 करोड़ डॉलर जुटाए और उसने अगले तीन महीनों में 2,800 पूर्णकालिक और अंशकालिक संकाय सदस्यों की नियुक्ति की योजना बनाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अपग्रेड ने वित्त वर्ष 2023 में 50 करोड़ डॉलर का सकल राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। यह योजना ऐसे समय में बनाई गई है जब अनएकेडेमी, बैजूज और वेदांतु जैसी अन्य बड़ी कंपनियों ने इस साल संयुक्त रूप से करीब 2,500 कर्मचारियों की छंटनी की है।