आईटी सेवाओं की दिग्गज कंपनी टेक महिंद्रा ने आज 12.5 करोड़ डॉलर के पूरी तरह से नकद सौदे में एलीज इंडिया और ग्रीन इन्वेस्टमेंट्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा की। वित्त वर्ष 2022 में अब तक कंपनी सात अधिग्रहणों में करीब 50 करोड़ डॉलर का निवेश कर चुकी है। ये इकाई एलीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और ग्रीन इन्वेस्टमेंट्स एलएलसी है, जो एलीज ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है। इसका मुख्यालय अमेरिका के सिएटल में है और इसमें 660 से अधिक कर्मचारी हैं। 31 दिसंबर, 2020 को समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में इनका राजस्व $3.96 करोड़ डॉलर था।
कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि यह अधिग्रहण, डिजिटल अनुभव के समाधानों में इसकी क्षमताओं – सीखने और विकास, विपणन, निर्देशात्मक डिजाइन, इंजीनियरिंग, क्लाउड और ऑटोमेशन, बीआई और एनालिटिक्स, तकनीकी सहायता सेवाओं को मजबूत करेगा।
ये कंपनियां प्रौद्योगिकी परामर्श और प्रबंधित सेवाएं प्रदान करती हैं। जहां एक ओर एलीज इंडिया को वर्ष 2018 में स्थापित किया गया था, वहीं दूसरी ओर ग्रीन इन्वेस्टमेंट्स एलएलसी को 2013 में।
इस अधिग्रहण से वित्त वर्ष 2021-22 में टेक महिंद्रा द्वारा किए गए अधिग्रहण की संख्या सात तक हो जाएगी, जिनमें 50 करोड़ डॉलर से अधिक का निवेश किया गया है। कंपनी ने कहा है कि वह डिजिटल क्षेत्र में अपनी पेशकश को मजबूत करने के लिए एमऐंडए की तलाश करेगी। टेक महिंद्रा के मुख्य कार्याधिकारी और प्रबंध निदेशक सीपी गुरनानी ने बिजनेस स्टैंडर्ड के साथ एक बातचीत में कहा कि इस स्तर पर यह (अधिग्रहण) उत्पाद इंजीनियरिंग, क्लाउड, एआई और ग्राहक अनुभव प्रबंधन के संबंध में अधिक रहेगा।