एमेजॉन प्लेटफॉर्म में नए विक्रेताओं के लिए बिक्री शुल्क हुआ आधा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:41 PM IST

ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन  इंडिया ने आगामी त्योहारी सीजन के ठीक पहले अपने मंच से जुड़ने वाले नए विक्रेताओं के लिए बिक्री शुल्क में 50 फीसदी की कटौती कर दी है। एमेजॉन  इंडिया ने सोमवार को जारी बयान में यह जानकारी देते हुए कहा कि इस त्योहारी सीजन में नए विक्रेताओं को बिक्री शुल्क में रियायत देने का फैसला किया गया है। बयान के अनुसार, 28 अगस्त से 26 अक्टूबर के बीच एमेजॉन  के मंच पर पंजीकरण कराने वाले नए विक्रेताओं को अब 50 प्रतिशत बिक्री शुल्क ही देना होगा।
हालांकि, इस छूट का लाभ वही विक्रेता उठा सकते हैं जो पंजीकरण के 90 दिनों के भीतर अपना कारोबार शुरू कर देंगे।कंपनी ने इस सुविधा के दायरे में सभी खंडों के विक्रेताओं को शामिल किया है। ऑनलाइन विक्रेता मंच के तौर पर काम करने वाले एमेजॉन  डॉट इन पर अपने उत्पादों की बिक्री करने के लिए सभी विक्रेताओं के लिए शुल्क देना जरूरी है।
इसकी गणना कुल बिक्री मूल्य के प्रतिशत के आधार पर की जाती है। इसके साथ ही एमेजॉन  ने कहा कि इस त्योहारी मौसम में ज्यादा बिक्री करने के अवसर का लाभ उठाने का उसके सभी विक्रेता इंतजार कर रहे हैं।
इनमें स्थापित कंपनियों के अलावा स्थानीय स्टोर और कारीगर एवं शिल्पकार भी शामिल हैं। सरकार ने 40 लाख रुपये से कम कारोबार वाली इकाइयों को ई-कॉंमर्स मंचों पर बिक्री के लिए जीएसटी पंजीकरण से भी छूट दिया हुआ है। एमेजॉन  इंडिया के निदेशक विवेक सोमरेड्डी ने कहा, ‘देश भर से 10 लाख से अधिक विक्रेता हमारे साथ जुड़े हुए हैं। उन्हें इस त्योहारी सीजन में देश भर के उपभोक्ताओं को अपने उत्पाद दर्शाने का मौका मिलेगा।’

First Published : September 12, 2022 | 6:57 PM IST