टीसीएस में छह महीने में दूसरी बार बढ़ेगा वेतन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 6:51 AM IST

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) अप्रैल 2021 से अपने 4.69 लाख से ज्यादा कर्मचारियों के वेतन में वृद्घि की तैयारी कर रही है। इस तरह से टीसीएस वित्त वर्ष 2022 के लिए वेतन बढ़ोतरी की घोषणा करने वाली पहली आईटी सेवा कंपनी बन गई है। अक्टूबर 2020 में भी कंपनी ने 6 से 8 फीसदी वेतन बढ़ाया था। वित्त वर्ष 2022 में टीसीएस के कर्मचारियों को छह महीने के भीतर औसतन 12 से 14 फीसदी की वेतन वृद्घि मिलेगी।
टीसीएस के प्रवक्ता ने कहा, ‘अपने सभी कर्मचारियों के वेतन में अप्रैल 2021 से बढ़ोतरी कर रहे हैं, जो हमारे बेंचमार्क के मुताबिक होगा। यह कदम कर्मचारियों के लिए हमारी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।
टीसीएस की पहल से लगता है कि कंपनी जगत वेतन वृद्घि के सामान्य चक्र की ओर तेजी से बढ़ सकता है। वित्त वर्ष 2021 में टीसीएस ने 40,000 लोगों को नियुक्त किया था। कंपनी विभिन्न क्षेत्रों में अब भी भर्तियां कर रही है। अभी तक किसी बड़ी आईटी कंपनी ने वित्त वर्ष 22 के लिए वेतन बढ़ोतरी की घोषणा नहींं की है। हाल में एक्सेंचर ने एकमुश्त बोनस के रूप में अपने कर्मियों को एक हफ्ते का मूल वेतन देने की घोषणा की है।
कॉग्निजेंट ने भी कहा था कि वह प्रदर्शन आधारित बोनस का 100 फीसदी देगी और 24,000 कर्मचारियों को पदोन्नति भी दी है। कोरोना को देखते हुए आईटी दिग्गजों टीसीएस, इन्फोसिस व विप्रो ने वेतन बढ़ोतरी पर रोक लगा दी थी। हालांकि प्रदर्शन मेंं सुधार के बाद वे इस फैसले पर दोबारा विचार के लिए प्रोत्साहित हुए।

First Published : March 19, 2021 | 11:34 PM IST