अनिल धीरूभाई अंबानी (एडीएजी) समूह की कंपनी रिलायंस इन्फ्रा हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के लिए बोली लगाने को लेकर गंभीर है।
उल्लेखनीय है कि 1,200 करोड़ रुपये की यह परियोजना पहले मायटास इन्फ्रा को आवंटित की गई थी। रिलायंस इन्फ्रा के एक अधिकारी के मुताबिक, ”अगर बोली मंगाई गई तो हम हैदराबाद मेट्रो परियोजना के लिए बोली जरूर लगाएंगे।”
मालूम हो कि मायटास इन्फ्रा सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज के संस्थापक रामलिंग राजू के परिवार द्वारा प्रवर्तित कंपनी है। आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा अनुबंध का आवंटन रद्द किए जाने की अटकलों के बीच मायटास ने हाल में 12,132 करोड़ रुपये की इस परियोजना में वित्तीय खाताबंदी पूरा करने के लिए समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।
सत्यम कंप्यूटर में 7,800 करोड़ रुपये के घोटाले के बाद जांच के दायरे में मायटास इन्फ्रा भी है। नाम न छापने की शर्त पर इस अधिकारी ने बताया कि पिछले साल इस परियोजना के लिए मंगाई गई बोली में रिलायंस इन्फ्रा ने भी भाग लिया था, लेकिन यह मैटास की झोली में गई थी।
ऐसे में कंपनी इस बार भी कोशिश क्यों न करे! उन्होंने कहा कि रिलायंस इन्फ्रा फिलहाल मुंबई और नई दिल्ली में मेट्रो परियोजना का काम कर रही है। ऐसे में हैदराबाद मेट्रो परियोजना के लिए उसका दावा मजबूत है।