कंपनियां

इधर भारत में रियल-मनी गेमिंग पर लगा बैन, उधर WinZO ने अमेरिका में रखा कदम; ZO TV भी किया शुरू

कंपनी ने एक बयान में कहा कि अब भारतीय गेम डेवलपर्स WinZO के प्लग-एंड-लॉन्च डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल के माध्यम से अमेरिकी गेमिंग मार्केट तक पहुंच सकते हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 24, 2025 | 7:43 PM IST

देशी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म WinZO ने रविवार को अमेरिका में अपने लॉन्च की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि इस लॉन्च के साथ WinZO अब दुनिया के चार सबसे बड़े मोबाइल गेमिंग बाजारों में से तीन में अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुकी है। अमेरिका में इसकी शुरूआत, ZO TV (एक नया शॉर्ट-फॉर्म वीडियो कंटेंट फॉर्मेट) की शुरूआत के साथ हुई है। यह कदम एक ऐसे समय में उठाया गया जब प्लेटफॉर्म को भारत में ऑनलाइन गेमिंग बिल, 2025 के पास होने के बाद रियल-मनी गेमिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि अब भारतीय गेम डेवलपर्स WinZO के प्लग-एंड-लॉन्च डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल के माध्यम से अमेरिकी गेमिंग मार्केट तक पहुंच सकते हैं।

Also Read: SEBI ने LIC को IDBI बैंक में पब्लिक शेयरहोल्डर माना, RBI ने हिस्सेदारी घटाने की रखी शर्त

भारतीय गेम डेवलपर्स को मिलेंगे नए दर्शक

WinZO के को-फाउंडर सौम्या सिंह राठौर और पावन नंदा ने कहा, “हमारा लक्ष्य हमेशा भारतीय गेम डेवलपर्स को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने में सक्षम बनाना रहा है। दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली गेमिंग मार्केट (अमेरिका) में कदम रखना इस मिशन की ओर एक निर्णायक कदम है। हम ZO TV, अपने नए शॉर्ट वीडियो फॉर्मेट को पेश करने को लेकर भी उतने ही उत्साहित हैं, जो हमारे कंटेंट ऑफर को और डायवर्स बनाता है और WinZO को इंटरएक्टिव एंटरटेनमेंट का एक ग्लोबल हब और वन-स्टॉप डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत करता है।”

कंपनी ने कहा कि WinZO अपने भारतीय दर्शकों को प्लेटफॉर्म के माध्यम से कई ऑफरिंग्स के साथ सेवा देना जारी रखेगा, जबकि कुछ सेवाओं को बंद किया जाएगा जो बदलते नियमों से प्रभावित हुई हैं।

यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है जब भारत में कई अन्य रियल-मनी गेमिंग (आरएमजी) प्लेटफॉर्म की तरह WinZo को भी ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल, 2025 के मद्देनजर देश में पैसे आधारित गेम की पेशकश बंद करनी पड़ी है, जिसे शुक्रवार को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई।

First Published : August 24, 2025 | 7:34 PM IST