गूगल की ईमेल सेवा जीमेल के शौकिनों को मंगलवार की दोपहर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वजह यह थी कि वे न तो अपने ईमेल्स तक पहुंच पा रही थीं और न ही अपने कॉन्टैंक्ट्स या कैलेंडर को देख पा रहे थे। गूगल के एक कार्यकारी ने इस बात की पुष्टि की।
उसका कहना है कि, ‘यह दिक्कत सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि कई मुल्कों के लोगों के साथ आई। कंपनी इस बात को काफी संजीदगी के साथ ले रही है।’ यहां तक इस दौरान गूगल इंडिया के कर्मचारियों का ऑफिशियल ईमेल सिस्टम भी क्रैश कर गया।
हालांकि, गूगल सर्च. ब्लॉग्गर, ब्लॉग सर्च और गूगल न्यूज पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। गूगल के ऑनलाइन हेल्प ग्रुप ने इस बारे में इंटरनेट पर एक नोट पर डाल दिया है कि, ‘हम जानते हैं कि हमारे कुछ यूजरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वे जीमेल अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। हम उन्हें इस बारे में जल्द ही जानकारी देंगे।’
वैसे टि्वटर माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट पर कई लोगों का कहना था कि वे आईमैप का इस्तेमाल करके जीमेल का इस्तेमाल बदस्तूर कर पा रहे हैं।