कंपनियां

दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते वक्त IndiGo विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकराया

डीजीसीए के आदेश पर एयरलाइन ने चालक दल के सदस्यों को भी उड़ान भरने से रोक दिया है। इंडिगो ने एक बयान में घटना की पुष्टि की है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 13, 2023 | 2:37 PM IST

IndiGo Flight Mishap: इंडिगो (IndiGo) के एक विमान का पिछला हिस्सा 11 जून को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरते समय जमीन से टकरा गया। इसके बाद विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डीजीसीए के आदेश पर एयरलाइन ने चालक दल के सदस्यों को भी उड़ान भरने से रोक दिया है। इंडिगो ने एक बयान में घटना की पुष्टि की है।

अधिकारी ने कहा, ”11 जून को इंडिगो का विमान ए321 नियो कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान संख्या 6ई-6183 का परिचालन कर रहा था और दिल्ली में उतरते समय उसका पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया।”

डीजीसीए के अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में उतरने तक उड़ान सामान्य थी, और चालक दल ने इसके रनवे 27 पर पहुंचने के दौरान महसूस किया कि वे सामान्य से अधिक लंबे समय तक चलते रहे। उन्होंने बताया कि विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकराने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया।

First Published : June 13, 2023 | 2:37 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)