भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मंगलवार को शहरी सहकारी बैंकों के लिए लोन नियमों में संशोधन का मसौदा जारी किया। इसमें शहरी सहकारी बैंकों के लिए कुल एसेट में असुरक्षित माने जाने वाले यानी बिना गारंटी वाले कर्ज का हिस्सा दोगुना कर 20 फीसदी तक करने की अनुमति देने का प्रस्ताव है।
शहरी सहकारी बैंकों के लिए लोन नियमों की समीक्षा के मसौदे के अनुसार, केंद्रीय बैंक पर्सनल लोन लिमिट बढ़ाने और अनसिक्योर्ड लोन की परिभाषा को तर्कसंगत बनाने, इन ऋणों की व्यक्तिगत सीमा बढ़ाने और ऐसे कर्ज के लिए कुल सीमा को संशोधित करने का प्रस्ताव कर रहा है। आरबीआई ने कहा कि उसके दायरे में आने वाले वित्तीय संस्थान, संबंधित पक्ष और आम जनता चार मार्च, 2026 तक मसौदे पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
Also Read: Titan Q3 Results: 61% की जबरदस्त उछाल के साथ मुनाफा ₹1,684 करोड़ हुआ, रेवेन्यू ₹24,900 करोड़ के पार
केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि आरबीआई ने कुल एसेट्स में अनसिक्योर्ड लोन की सीमा को मौजूदा 10 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है। रिजर्व बैंक ने कहा, ”हालांकि इस सीमा से ज्यादा अतिरिक्त अनसिक्योर्ड लोन केवल प्राथमिकता क्षेत्र के पात्र ऋणों के संबंध में ही स्वीकृत होंगे, जो प्रति उधारकर्ता 50,000 रुपये की मौद्रिक सीमा पर निर्भर होगा।”
इसके अलावा, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं की खरीद के लिए सदस्यों को लोन देने की सीमा को भी बढ़ाकर प्रति उधारकर्ता 2.5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। तीसरे और चौथे स्तर की शहरी सहकारी समितियों (UCB) के लिए होम लोन की अवधि और स्थगन संबंधी आवश्यकताओं को विनियमन से मुक्त करने का प्रस्ताव है।
आरबीआई ने इस महीने की मौद्रिक नीति समीक्षा में शहरी सहकारी बैंकों के लिए ऋण मानदंडों की समीक्षा की घोषणा की थी। मौद्रिक नीति की घोषणा के दौरान, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा था कि यूसीबी की प्रबंधन और तकनीकी क्षमता को मजबूत करने के लिए, केंद्रीय बैंक मिशन-सक्षम (सहकारी बैंक क्षमता निर्माण) शुरू करेगा। मल्होत्रा ने कहा, ”इस मिशन का उद्देश्य यूसीबी से जुड़े 1.4 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करना है।”
(PTI इनपुट के साथ)