कंपनियां

Godrej Properties ने आवासीय भूखंडों के विकास के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 62 एकड़ जमीन खरीदी

Published by
भाषा
Last Updated- December 26, 2022 | 12:33 PM IST

रियल्टी फर्म गोदरेज प्रॉपर्टीज ने भूखंड वाली आवासीय परियोजना के विकास के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र में करीब 62 एकड़ भूमि खरीदी है।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इसमें उसने बताया कि परियोजना के तहत करीब 14 लाख वर्गफुट क्षेत्र में भूखंड वाला आवासीय विकास किया जाएगा। कंपनी ने सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं नामित मुख्य कार्यपालक अधिकारी गौरव पांडे ने बताया, ‘‘हमारे लिए हरियाणा एक महत्वपूर्ण बाजार है। इस परियोजना के साथ हम हरियाणा में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहते हैं।’’

आवासों की बढ़ती मांग का लाभ उठाने के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज विभिन्न क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण कर रही है।

इस महीने की शुरुआत में उसने मुंबई के कांदीवली इलाके में 18.6 एकड़ भूमि खरीदी जहां उसकी योजना महंगी आवासीय परियोजना विकसित करने की है। हाल में उसने गुरुग्राम में भी 14.27 एकड़ भूमि की खरीद की है। पिछले महीने उसने नोएडा में दो भूखंड खरीदे थे।

First Published : December 26, 2022 | 12:33 PM IST