अर्थिक मंदी की सुनामी में दुनिया के तमाम कारोबारी दिग्गजों के वित्तीय किलों की दरो-दीवारें हिल गई हैं।
अमेरिका की मशहूर बिानेस पत्रिका फोर्ब्स की अरबपतियों की जारी नई सूची तो इसी बात की ओर इशारा करती है। हालांकि, मंदी के इस दौर में कई नामों ने उलटफेर भी किया है।
मसलन, बिल गेट्स ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति वॉरेन बफेट को पछाड़कर फिर से अव्वल दर्जा हासिल किया है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के प्रमुख मुकेश अंबानी काफी मोटी रकम गंवाने के बाद भी सबसे अमीर भारतीय बने हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स की संपत्ति में 18 अरब डॉलर की कमी के बावजूद 40 अरब डॉलर आंकी गई है, जबकि बर्कशर हैथवे के वॉरेन बफेट की हैसियत 25 अरब डॉलर घटकर 37 अरब डॉलर आंकी गई।
मुकेश अंबानी की संपत्ति 19.5 अरब डॉलर आंकी गई है जिससे, वह दुनिया के दस शीर्ष अमीरों की सूची में सातवें पायदान पर हैं। आर्सेलर मित्त्तल के लक्ष्मी निवास मित्तल 19.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आठवें स्थान पर हैं।
पूंजी गंवाने वालों में अनिल अंबानी सबसे ऊपर हैं। फोर्ब्स की पिछली सूची में वह छठे स्थान पर थे, लेकिन ताजा सूची के मुताबिक उनको 31.9 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है और वह 34 वें पायदान पर पहुंच गए हैं।