फेम केयर फार्मा में 72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के बाद एफएमसीजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डाबर स्किन केयर श्रेणी में ब्रांड स्ट्रक्चर बदलने की योजना बना रही है।
कंपनी फेम के उत्पादों को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने के लिए ऐसा कर रही है। कंपनी के मुख्य कार्याधिकारी सुनील दुग्गल ने बताया कि डाबर, वाटिका, रीयल और हाजमोला के बाद अब फेम डाबर के पोर्टफोलियो में पांचवी मास्टर ब्रांड होगी।
फिलहाल फेम केयर फार्मा एक अलग कंपनी की तरह ही कार्य करेगी। कुछ समय बाद इसका डाबर के साथ विलय कर लिया जाएगा। जबकि फेम केयर के ओटीसी कारोबार को डाबर के हेल्थकेयर कारोबार में शामिल किया जाएगा।
फेम केयर के पोर्टफोलियो में फेयरनेस ब्लीच, हेयर रिमूवल और लिक्विड सोप जैसे उत्पाद हैं। इस अधिग्रहण के बाद अब डाबर स्किन केयर बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना बना रही है। फिलहाल कंपनी इस श्रेणी में गुलाबरी और वाटिका ब्रांड के साथ मौजूद है।
अगले साल की पहली तिमाही में डाबर एक आयुर्वेदिक क्रीम लॉन्च करने वाली है। दुग्गल ने बताया, ‘अभी हमारी आयुर्वेदिक स्किन ब्रांड पर काम चल रहा है। इसीलिए हो सकता है कि इसके लॉन्च में थोड़ी देर हो जाए।’
पहले कंपनी इसे चालू वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही में लॉन्च करने वाली थी। हालांकि कंपनी इसके लिए कितना निवेश कर रही है, इस बारे में दुग्गल ने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
कंपनी अपने स्किन केयर कारोबार को तीन श्रेणियों में बांटने की योजना बना रही है। एक तरफ कंपनी गुलाबरी ब्रांड के तहत नए उत्पाद बाजार में उतारेगी। कंपनी इसे प्रीमियम श्रेणी में भी उतारेगी।
दुग्गल ने कहा, ‘फे म के पोर्टफोलियो को बढ़ाकर कारोबार बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं।’ कंपनी साधारण से लेकर प्रीमियम श्रेणी में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है।