नौकरीपेशा लोगों के लिए एक जरूरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO अपनी ऑनलाइन सेवाओं को तीन दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने जा रहा है। तकनीक और सॉफ्टवेयर सिस्टम को बेहतर बनाने (अपग्रेड करने) के लिए EPFO ने 26 जून से तीन दिनों के लिए अपनी ऑनलाइन क्लेम सबमिशन और प्रोसेसिंग सर्विसेज को रोकने का फैसला किया है।
इस शटडाउन की वजह से भविष्य निधि (PF) से पैसे निकालने के नए आवेदनों और क्लेम से जुड़ी अन्य सेवाओं में देरी हो सकती है। EPFO का कहना है कि यह कदम डेटाबेस अपडेट और सॉफ्टवेयर अपग्रेड एक्सरसाइज का हिस्सा है, ताकि आने वाले समय में PF क्लेम प्रोसेसिंग को और ज्यादा तेज तथा आसान बनाया जा सके।
EPFO के मेंबर 26 जून की रात 12:00 बजे से लेकर 28 जून की रात 11:59 बजे तक EPFO के ऑनलाइन पोर्टल पर न तो कोई नया क्लेम जमा कर पाएंगे और न ही पुराने क्लेम प्रोसेस हो सकेंगे। उम्मीद है कि ये सभी सेवाएं 29 जून से दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगी।
इस मेंटेनेंस के दौरान PF ट्रांसफर, विड्रॉल (पैसा निकालने) या अन्य सेटलमेंट के लिए इंतजार कर रहे लोगों को थोड़ी देरी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, यह रुकावट केवल क्लेम से जुड़ी सेवाओं तक ही सीमित है। उपलब्धता के आधार पर मेंबर्स अन्य EPFO सुविधाओं का फायदा उठा सकेंगे।
Also Read: न्यू लेबर कोड से बदलेगा सैलरी का गणित? अप्रेजल में पैकेज तो बढ़ेगा, पर हाथ में आने वाला पैसा घटेगा!
इसके साथ ही, उमंग ऐप पर भी EPFO की सेवाएं प्रभावित रहेंगी। प्लेटफॉर्म पर दिख रहे एक मैसेज के मुताबिक, उमंग ऐप पर PF से जुड़ी सर्विसेज 2 जुलाई, 2026 तक बंद रहेंगी। आमतौर पर उमंग ऐप के जरिए लोग PF बैलेंस चेक करने, क्लेम ट्रैक करने, UAN डिटेल अपडेट करने और शिकायत दर्ज करने जैसी सुविधाएं पाते हैं।
पोर्टल और ऐप बंद होने के दौरान अगर आपको अपना PF बैलेंस जानना है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिन मेंबर्स का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिव है, वे केवल एक मिस्ड कॉल देकर अपना बैलेंस जान सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल देनी होगी। ध्यान रहे कि यह सुविधा तभी काम करती है जब आपका UAN आपके बैंक अकाउंट, आधार और पैन (PAN) से लिंक हो।
इसके अलावा, SMS के जरिए भी बैलेंस चेक किया जा सकता है। इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN ENG लिखकर 7738299899 पर भेजना होगा। आप अपनी सुविधानुसार भाषा का कोड (जैसे अंग्रेजी के लिए ENG) बदल भी सकते हैं।