किरायों में अचानक इजाफा करने वाली विमानन कंपनियां एक बार फिर जमीन पर लौट आई हैं।
बिक्री में एकदम कमी आने की वजह से सस्ते टिकट पर सफर कराने वाली कंपनियों स्पाइसजेट, इंडिगो और गो एयर ने चुपचाप अपने बेसिक किराये में तकरीबन 50 फीसदी की कमी कर दी है। इसकी वजह से कंपनियों का कुल किराया 25 से 30 फीसदी कम हो जाएगा।
उद्योग के सूत्रों ने बताया कि किंगफिशर और एयर इंडिया जैसी विमानन कंपनियां भी आज रात या कल सुबह किरायों में कटौती का ऐलान कर सकती हैं। जेट एयरवेज सरकार के कड़े रुख को देखते हुए पहले ही विशेष पैकेजों के जरिये किराये कम कर चुकी है।
दिसंबर 2008 के बाद से यह तीसरा मौका है, जब किरायों में ज्यादा उतार-चढ़ाव हुआ है। जनवरी के दूसरे हफ्ते में इन कंपनियों ने किरायों में तकरीबन 100 फीसदी की कमी की थी, ताकि यात्रियों की संख्या बढ़ जाए।
लेकिन फरवरी के पहले हफ्ते में सभी ने किरायों में 100 फीसदी तक का इजाफा किया और कहा कि मुसाफिरों की तादाद नहीं बढ़ने की वजह से ऐसा करना पड़ रहा है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक उसके बाद टिकट बिक्री में 20 से 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिसकी वजह से कंपनियां पुरानी राह पर आ गईं।
ट्रैवल पोर्टल मेकमाईट्रिप डॉट कॉम के ऑनलाइन सेल्स प्रमुख मोहित श्रीवास्तव ने बताया, ‘किरायों में इजाफा होने के फौरन बाद हमारी बिक्री में 20 फीसदी तक की कमी हो गई थी। मुसाफिरों के लिए किराये कम होना खुशखबरी है। बाजार वैसे भी कम हो गया था क्योंकि टिकट की कीमत पर नजर रखने वाले ग्राहक कम हो गए थे। इसलिए किरायों में कटौती की उम्मीद पहले से ही लगाई जा रही थी।’
यात्रा डॉट कॉम की सह संस्थापक भावना अग्रवाल ने कहा, ‘जनवरी में किराये घटाए गए थे, तो फरवरी और मार्च के लिए अच्छी एडवांस बुकिंग हुई थीं। लेकिन जनवरी की एयरलाइंस की कमाई कम हो गई। इसी वजह से उन्होंने सोचा कि किराये बढ़ाने से कमाई भी बढ़ेगी। लेकिन बिक्री में जबरदस्त गिरावट देखकर कंपनियों को वापस किराये घटाने पड़े। जेट एयरवेज तो पहले ही कुछ सेक्टरों में अपने किराये कम कर चुकी है।’
एक कम किराये वाली एयरलाइंस के अधिकारी ने बताया कि यह तो मुकाबला करने वाली बात है। एक कंपनी ने किराये कम किए, तो बाकी कंपनियों को यह करना ही था।
दिलचस्प है कि पिछली बार के उलट इस बार किरायों में एक साथ कटौती नहीं की जा रही है। फुल सर्विस कैरियर कंपनियां अभी इंतजार कर रही हैं और उसके बाद ही वे किराये घटाने के मसले पर फैसला करेंगी।
रिटर्न फ्लाइट
कम किराये वाली कंपनियों ने वापस घटा दिए किराये
जनवरी में घटाए थे किराये, पर फरवरी में वापस कर दिया इजाफा
इजाफा करते ही बिक्री में आई जबरदस्त गिरावट
फुल सर्विस कैरियर भी जल्द कर सकते हैं कटौती की घोषणा