दैनिक उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की कंपनी एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज हर साल 3-4 नए उत्पाद लॉन्च कर अपनी उत्पाद श्रेणियों के विस्तार की योजना बना रही है।
इस विस्तार योजना के तहत कंपनी 2012 के अंत तक देश भर में 175 नई शाखाएं खोलेगी। कंपनी ने 2010 तक 2500 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य निर्धारित किया है। कंपनी के एक अधिकारी ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘एमवे इंडिया ने पिछले साल 20 नए उत्पाद पेश किए जिसके साथ ही इसके उत्पादों की संख्या 100 हो गई।
कंपनी हर साल 3-4 नए उत्पादों को लॉन्च करने की योजना बना रही है। कंपनी 2012 तक देश में 175 नई शाखाएं स्थापित करना चाहती है।’ फिलहाल चार श्रेणियों में एमवे इंडिया के 100 उत्पाद हैं। इन श्रेणियों में पर्सनल केयर, होम केयर, न्यूट्रीशन ऐंड वेलनेस और कॉस्मेटिक शामिल हैं। कंपनी के पूरे देश में 125 कार्यालय, 55 सिटी वेयरहाउस और 4 क्षेत्रीय मदर वेयरहाउस हैं।
एमवे इंडिया के वितरण और होम डिलीवरी नेटवर्क को 3000 जगहों पर फैले स्वतंत्र लॉजिस्टिक भागीदारों का समर्थन हासिल है। अधिकारी ने बताया, ‘कंपनी ने पिछले 10 वर्षों में अपने उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और ब्रांड पर लगातार बढ़ रहे ग्राहकों के भरोसे की बदौलत बिक्री में तकरीबन 9 गुना इजाफा किया है।
वित्तीय वर्ष 2007 में इसकी बिक्री 8.40 फीसदी की बढ़त के साथ 800 करोड़ रुपये की रही जो पूर्ववर्ती वर्ष में 738 करोड़ रुपये थी। एमवे ने चालू वर्ष के लिए 1000 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य रखा है।’