Gold prices on 11th Feb 2025: ग्लोबल मार्केट में रिकॉर्डतोड़ तेजी के बीच घरेलू बाजार में सोना मंगलवार को पहली बार 86 हजार के लेवल को पार कर गया। सोने की घरेलू कीमतों में इस साल अब तक तकरीबन 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है। सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट फ्यूचर्स मार्केट यानी MCX पर आज (11 फरवरी) कारोबार के दौरान (इंट्राडे ट्रेडिंग) 86,360 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई तक ऊपर गया। घरेलू स्पॉट मार्केट में भी इसने आज 85,903 का नया हाई बनाया।
उधर ग्लोबल मार्केट में आज स्पॉट गोल्ड और बेंचमार्क यूएस गोल्ड फ्यूचर्स क्रमश: 2,942.70 और 2,968.50 डॉलर प्रति औंस के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। ग्लोबल लेवल पर ट्रेड वॉर की बढ़ती आशंका के मद्देनजर इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड इस साल अब तक तकरीबन 11 फीसदी मजबूत हुआ है। इस बीच अमेरिका की तरफ से एल्युमिनियम और स्टील के आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद ग्लोबल इकॉनमी में जबरदस्त अनिश्चितता की स्थिति पैदा हुई है जिससे निवेश के सुरक्षित विकल्प (safe-haven) के तौर पर इस बेशकीमती धातु की मांग में तेजी देखी जा रही है।
चीन से आयात पर ट्रम्प प्रशासन पहले ही 10 फीसदी टैरिफ थोप चुका है। ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको पर भी बीते दिनों 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। हालांकि बाद में उन्होंने दोनों देशों पर टैरिफ लगाने के अपने फैसले को 30 दिनों के लिए टाल दिया। जानकारों के अनुसार ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति से आने वाले दिनों में दुनिया में ट्रेड वॉर गहरा सकता है जिससे ग्लोबल इकॉनमी को महंगाई और मंदी का इकट्ठे सामना करना पड़ सकता है।
सेंट्रल बैंकों की तरफ से हो रही खरीदारी और इन्वेस्टमेंट डिमांड भी गोल्ड की कीमतों के लिए सपोर्टिव हैं। इस बीच चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) ने पिछले हफ्ते बताया कि उसकी तरफ से जनवरी में 4.5 टन सोने की खरीद की गई। छह महीने के ब्रेक के बाद पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने लगातार तीसरे महीने गोल्ड खरीदा है। अप्रैल 2024 के बाद पहली बार चीन के केंद्रीय बैंक ने नवंबर 2024 में सोना खरीदा था। जनवरी के अंत तक चीन का गोल्ड रिजर्व बढ़कर 2,285 टन पर पहुंच गया जो उसके कुल फॉरेक्स रिजर्व का 5 फीसदी से ज्यादा है।
गोल्ड में तेजी का दौर पिछले 16 महीने से बरकरार
गोल्ड में तेजी का यह दौर पिछले 16 महीने से बरकरार है। 23 अक्टूबर 2023 के लो 1,809.50 से यह 63 फीसदी मजबूत हुआ है। अमेरिका में दूसरे दफे ट्रंप की जीत के बाद इस तेजी को और बल मिला है। 15 नवंबर 2024 के लो 2,536.71 से यह 16 फीसदी चढ़ा है। पिछले महीने गोल्ड 7 फीसदी मजबूत हुआ। इस साल अब तक इस बेशकीमती धातु ने 8 दफे रिकॉर्ड हाई बनाया है।
घरेलू फ्यूचर्स मार्केट
घरेलू फ्यूचर्स मार्केट एमसीएक्स (MCX) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट फिलहाल (5:30 PM IST) 336 रुपये यानी 0.39 फीसदी की कमजोरी के साथ 85,480 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर है। इससे पहले यह आज 490 रुपये चढ़कर 86,306 रुपये के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान 86,360 रुपये के रिकॉर्ड हाई और 85,350 रुपये के लो के बीच कारोबार किया।
गोल्ड फ्यूचर (Rupees/10 gm)
तारीख | कॉन्ट्रैक्ट | पिछला क्लोजिंग | ओपनिंग | इंट्राडे हाई | इंट्राडे लो | लास्ट ट्रेडिंग प्राइस | बदलाव |
11 फरवरी 2025 | गोल्ड अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट | 85,816 | 86,306 | 86,360 | 85,350 | 84,480 | -336 (-0.39%) |
Source: MCX (5:30 pm IST)
घरेलू स्पॉट मार्केट
Indian Bullion and Jewellers Association (IBJA) के मुताबिक स्पॉट (हाजिर) मार्केट में सोना 24 कैरेट (999) मंगलवार को कारोबार की समाप्ति पर पिछले दिन (सोमवार) की क्लोजिंग के मुकाबले 184 रुपये गिरकर 85,481 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर दर्ज किया गया। इससे पहले शुरुआती कारोबार में यह 85,903 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। सोमवार 10 फरवरी को कारोबार की समाप्ति पर यह 85,665 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर देखा गया था। पिछले हफ्ते घरेलू स्पॉट मार्केट में सोना 2,600 रुपये से ज्यादा मजबूत हुआ।
स्पॉट गोल्ड (Rupees/10 gm)
गोल्ड | 10 फरवरी 2025
(क्लोजिंग प्राइस/ 10 ग्राम) |
11 फरवरी 2025 (क्लोजिंग प्राइस/10 ग्राम) | बदलाव |
गोल्ड 24 कैरेट (999 ) | 85,665 | 85,481 | -184 |
गोल्ड 24 कैरेट (995) | 85,322 | 85,139 | -183 |
गोल्ड 22 कैरेट (916) | 78,469 | 78,301 | -168 |
सिल्वर/kg | 95,533 | 94,170 | -1363 |
Source: IBJA
ग्लोबल मार्केट
ग्लोबल मार्केट में बुधवार को स्पॉट गोल्ड और यूएस गोल्ड फ्यूचर्स दोनों अपने नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। आज कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड (spot gold) 2,942.69 डॉलर प्रति औंस तक ऊपर और 2,902 डॉलर प्रति औंस तक नीचे गया। फिलहाल यह 0.17 फीसदी की नरमी के साथ 2,902.93 डॉलर प्रति औंस पर है। इसी तरह बेंचमार्क यूएस अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स (Gold COMEX APR′25) भी आज कारोबार के दौरान 2,968.50 डॉलर और 2,927.70 डॉलर प्रति औंस के रेंज में रहा। फिलहाल यह 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 2,930.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
इंटरनेशनल गोल्ड (USD/ounce)
तारीख | गोल्ड | पिछला क्लोजिंग | ओपनिंग | इंट्राडे हाई | इंट्राडे लो | लास्ट ट्रेडिंग प्राइस | बदलाव |
11 फरवरी 2025 | गोल्ड अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट
(COMEX) |
2,934.40 | 2,937 | 2,968.50 | 2,927.70 | 2,930.50 | -3.90 (-0.13%) |
11 फरवरी 2025 | स्पॉट गोल्ड | 2,907.97 | 2,907.97 | 2,942.69 | 2,902 | 2,902.93 | -5.04 (-0.17%) |
Source: Bloomberg (5:30 PM IST)