सितंबर में परिधान निर्यात 10.22 प्रतिशत बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 10:26 PM IST

सितंबर में परिधान निर्यात 10.22 प्रतिशत बढ़कर 119 करोड़ डॉलर हो गया है, जबकि सितंबर 2019 में यह 107.9 करोड़ डॉलर था। उद्योग के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि इस क्षेत्र ने वी-आकार में सुधार शुरू कर दिया है तथा यह और बेहतर होने वाला है।
वस्त्र निर्यात संवद्धर्न परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन ए शक्तिवेल ने कहा कि अप्रैल में 90 प्रतिशत की गिरावट के बाद सितंबर में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जिससे उद्योग का मानना है कि परिधान क्षेत्र वी-आकार की सुधार की राह पर है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार, विशेष रूप से कपड़ा, वाणिज्य, एमएसएमई और वित्त मंत्रालय द्वारा उठाए गए सकारात्मक कदमों के कारण ऐसा संभव हुआ है। ऊर्जावान मंत्रियों और सहायक नीतियों के साथ-साथ अधिक सक्रिय सरकार के कारण चिकित्सा संबंधी वस्त्रों में हमारी पैठ तथा भारत के प्रति सकारात्मक धारणा इस सुधार को मजबूती प्रदान कर रही है।
शक्तिवेल ने कहा कि परिधान निर्यात पर इस विश्वव्यापी महामारी का गंभीर असर पड़ा था। हालांकि हमारा मानना ​​है कि जब हम वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आगे बढ़ेंगे, तो 10 प्रतिशत से अधिक की इस सकारात्मक वृद्धि के इस फेरबदल में इजाफा ही होगा। कई महीनों के बाद नकारात्मक वृद्धि की प्रवृत्ति को थाम लिया गया है और दूसरी छमाही के दौरान खोए हुए आधार के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया जाएगा। परिधान निर्यातक सकारात्मक वृद्धि से गुजर रहे हैं।

First Published : October 19, 2020 | 11:25 PM IST