मेसेजिंग ऐप टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डूरोव ने एक नए किस्म के साइबर अपराध को लेकर आगाह किया है। डूरोव ने गुरुवार को कहा कि साइबर अपराधी ‘टेकडाउन एक्सटॉर्शन’ यानी सामग्री हटाने के नाम पर रकम ऐंठने की चाल चल रहे हैं। डूरोव के मुताबिक साइबर अपराधी प्लेटफॉर्म के मॉडरेशन सिस्टम का फायदा उठाकर ऑनलाइन समुदायों को निशाना बनाने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं।
डूरोव ने कहा,‘सामग्री हटवाने के नाम पर रकम ऐंठने वाले साइबर अपराधियों के तरीके बदल रहे हैं जिससे सोशल प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों पर खतरा मंडराने लगा है। अगर एक अरब से अधिक लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला ऐप बिना किसी पूर्व चेतावनी के ऐप स्टोर से हटाया जा सकता है तो ऐसा किसी भी ऐप के साथ हो सकता है।’
ये साइबर अपराधी सार्वजनिक समूहों में गैर-कानूनी सामग्री डालने के लिए स्वचालित खातों (ऑटोमेटेड अकाउंट) का इस्तेमाल करते हैं और फिर प्लेटफॉर्म के संचालक को शिकायत करते हैं ताकि उन लोगों या समूहों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
टेलीग्राम ने कहा,‘ऐसे ही एक मामले में हमलावर ने कथित तौर पर मेसेज एडिटिंग की खूबी का फायदा उठाया और एक पुराने मेसेज में गैर-कानूनी सामग्री जोड़ दी जिससे वह समूह के सदस्यों को दिखाई नहीं दिया। वह समूह समय पर इसकी जानकारी भी नहीं दे पाया।’