खेल

Paris Olympics: पेरिस ओलिंपिक में भारत का सबसे बड़ा शूटिंग दल

साल 2000 में सिडनी ओलिंपिक में भारत की ओर से सिर्फ एक महिला निशानेबाज गई थीं।

Published by
संकेत कौल   
Last Updated- July 30, 2024 | 11:08 PM IST

पेरिस ओलिंपिक में मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने निशानेबाजी में भारत के लिए दूसरा पदक हासिल कर लिया है। भारत ने इस पदक के साथ निशानेबाजी में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली है। इससे पहले भारत ने साल 2012 के लंदन ओलिंपिक में निशानेबाजी में दो पदक जीते थे। खबर प्रकाशित होने तक भारतीय दल निशानेबाजी की चार स्पर्धाओं में पदक की दौड़ में पहुंच चुका है और यह किसी भी ओलिंपिक में भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

निशानेबाजी की आधी स्पर्धाएं अभी खेली जानी हैं और उम्मीद की जा रही है कि पेरिस से तीन घंटे की दूरी पर स्थित शतोहू शूटिंग सेटर में भारतीय खिलाड़ी कई बार पदक के लिए पोडियम तक पहुंचेंगे क्योंकि इस बार भारत ने ओलिंपिक में निशानेबाजी के लिए सबसे ज्यादा 21 खिलाड़ियों को पेरिस भेजा है।

ऐसा पहली बार हुआ है कि भारतीय दल में पुरुषों की तुलना में महिला खिलाड़ियों की तादाद अधिक है। इस बार ओलिंपिक के लिए भारत की ओर से 11 महिलाएं और 10 पुरुष निशानेबाजों ने क्वालिफाई किया है। साल 2000 में सिडनी ओलिंपिक में भारत की ओर से सिर्फ एक महिला निशानेबाज गई थीं।

भारतीय दल में एयर राइफल स्पर्धा में आठ, पिस्टल में सात, शॉटगन में छह निशानेबाज हैं। इस बार के भारतीय दल में युवा और अनुभवी निशानेबाजों का भी संयोजन है, जिसमें आधे से अधिक निशानेबाजों की उम्र 25 साल या उससे कम है।

लगभग सभी खिलाड़ियों के पास अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का अनुभव है और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, मनु भाकर, अंजुम मुदगिल और एलावेनिल वलारिवन चार ऐसे खिलाड़ी हैं जो दूसरी बार ओलिंपिक खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।

First Published : July 30, 2024 | 11:07 PM IST