facebookmetapixel
Advertisement
Alpine Texworld IPO: अगले हफ्ते खुलेगा टेक्सटाइल कंपनी का IPO; आवेदन से पहले जानें इश्यू से जुड़ी हर जरूरी बातDr Reddy’s में बड़ी गड़बड़ी! दवा उत्पादन रुका, ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट; अब शेयर खरीदें या रुकें?E20 वाहनों पर क्या ऑटो कंपनियां दे रही हैं वारंटी? क्या किसानों को होगा फायदा; सरकार ने दिए ऐसे 12 सवालों के जवाबVedanta Aluminium बना लार्ज कैप, क्या अब ₹540 तक जाएगा शेयर? ब्रोकरेज ने दी Buy रेटिंगIC Electricals IPO Listing: निवेशकों की हुई बल्ले-बल्ले, 68% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ शेयरअब पोस्टमैन बनाएगा आपके बच्चे का Blue Aadhaar! घर बैठे ऐसे उठाएं इस खास सुविधा का फायदाIndia-UK ट्रेड डील: अब ब्रिटेन से लग्जरी कारें मंगाना हुआ सस्ता, सरकार ने जारी किए नए नियमWhatsApp Username Feature: यूजरनेम फीचर पर WhatsApp ने सरकार को भेजा जवाब, अब IT मंत्रालय करेगा जांचTCS Q1: AI बिजनेस में दम, ₹3000 तक के टारगेट; क्या अभी खरीदने का सही समय है? दिग्गज ब्रोकरेज की रिपोर्टSIP स्टॉक में करें या म्युचुअल फंड में? कहां बनेगी ज्यादा दौलत; एक्सपर्ट्स ने दूर किया कन्फ्यूजन

ACT 2023: जापान को हराकर भारत फाइनल में, मलेशिया से होगा खिताबी मुकाबला

Advertisement

भारत ने राउंड रोबिन लीग चरण में मलेशिया को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी और वह फाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।

Last Updated- August 11, 2023 | 11:04 PM IST
Asian Champions Trophy 2023

भारत ने अपने आक्रामक और रणनीतिक खेल का खूबसूरत नजारा पेश करते हुए शुक्रवार को जापान को 5-0 से करारी शिकस्त देकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना शनिवार को मलेशिया से होगा। मलेशिया ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 6-2 से पराजित किया।

भारत ने राउंड रोबिन लीग चरण में मलेशिया को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी और वह फाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। तीन बार के चैंपियन भारत की तरफ से आकाशदीप सिंह (19वें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (23वें मिनट), मनदीप सिंह (30वें मिनट), सुमित (39वें मिनट) और सेल्वम कार्ति (51वें मिनट) ने गोल किये।

जापान ने लीग चरण में भारत को 1-1 से बराबरी पर रोका था लेकिन शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में पहले क्वार्टर को छोड़कर भारतीयों के सामने उसकी एक नहीं चली। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम अपने आक्रामक तेवरों का खुलकर प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन दूसरे क्वार्टर में उसने 12 मिनट के अंदर तीन गोल करके इसकी भरपाई कर दी।

भारत को खेल के दूसरे मिनट में ही जरमनप्रीत सिंह के प्रयासों से पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत के शॉट को जापान के गोलकीपर तकाशी योशिकावा ने पांव से बाहर का रास्ता दिखा दिया। शमशेर सिंह को इसके तुरंत बाद ग्रीन कार्ड मिलने के कारण दो मिनट तक बाहर बैठना पड़ा।

भारत ने दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में आकाशदीप के गोल से शुरुआती बढ़त हासिल की। हार्दिक सिंह और सुमित ने सर्किल के दाएं तरफ से यह मूव बनाया। हार्दिक का शॉट गोलकीपर ने रोक दिया लेकिन गेंद सीधे आकाशदीप के पास चली गई जिन्होंने उसे गोल में डालने कोई गलती नहीं की। भारतीय टीम को इसके चार मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे हरमनप्रीत ने बड़ी खूबसूरती से गोल में बदला। मध्यांतर के ठीक पहले भारत ने मनदीप के मैदानी गोल से बढ़त 3-0 कर दी। मनदीप ने मनप्रीत सिंह के शॉट को डिफलेक्ट करके गोल में डाला। तीसरे क्वार्टर में भारत ने शुरू में ही मौका बनाया था, लेकिन उसे इसका फायदा नहीं मिला।

भारतीय टीम के हमलावर तेवर हालांकि जारी रहे और ऐसे में सुमित ने मैदानी गोल करके जापान के खिलाड़ियों की पेशानी पर बल ला दिये। मनप्रीत ने इस गोल में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सुमित को गेंद थमाई जिनका स्कूप गोलकीपर योशिकावा के ऊपर से गोल पोस्ट के अंदर चला गया।

भारत को 43वें मिनट में भी मौका मिला था लेकिन आकाशदीप तब मनदीप के प्रयास का फायदा नहीं उठा पाए। स्थानीय खिलाड़ी कार्ति ने चौथे क्वार्टर में जब गोल किया तो पूरा स्टेडियम शोर के आगोश में डूब गया। हरमनप्रीत में सर्किल के अंदर सुखजीत सिंह को हवा में दी जिन्होंने उसे कार्ति की तरफ बढ़ा दिया। कार्ति ने बड़ी चतुराई से अपनी दिशा बदली और करारा शॉट जमाकर गेंद को गोल के हवाले किया।

Advertisement
First Published - August 11, 2023 | 11:04 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement