कांग्रेस पदयात्रा से मतदाताओं तक पहुंचने की जुगत में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 11:37 PM IST

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पदयात्रा के जरिये माहौल बनाएगी। कांग्रेस पदयात्राओं के दौरान ही 5,000 नुक्कड़ सभाएं भी करेगी। इससे पहले अक्टूबर में काग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चार अलग-अलग स्थानों से वाहनों के जरिये प्रतिज्ञा यात्रा निकाली थी। अब पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभाओं में पदयात्रा 32,240 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
नेहरू जयंती 14 नवंबर से 24 नवंबर के बीच 403 विधानसभाओं में भाजपा हटाओ-महंगाई भगाओ के नारे के तहत कांग्रेस यह पदयात्रा निकालेगी। कार्यक्रम के मुताबिक प्रत्येक दिन न्यूनतम 10 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि हर दिन न्यूनतम 7 ग्रामसभाओं या वार्डों से होकर पदयात्रा निकलेगी। पदयात्रा के दौरान महँगाई की समस्या पर नागरिकों के साथ बैठक होगी और घर-घर कांग्रेस के प्रतिज्ञापत्र का वितरण होगा। पदयात्रा के रूट पर पडऩे वाले हाट व बाज़ार में शाम को रोज़ाना नुक्कड़ सभा होगी। प्रत्येक विधानसभा में कुल 8 नुक्कड़ सभा होगी। हर दो दिन की यात्रा के बाद एक दिन का विश्राम होगा। कुल मिलाकर एक विधानसभा में चार टुकड़ों में आठ दिन की पदयात्रा होगी। प्रत्येक विधानसभा में 80 किलोमीटर की पदयात्रा होगी जो न्यूनतम 60 ग्रामसभाओं या वार्डों से होकर निकलेगी। हाल के दिनों में कांग्रेस ने न्याय पंचायत व ग्राम पंचायत स्तर पर संगटन तैयार किया है। पार्टी का मानना है कि संगठन निर्माण का फायदा इस पदयात्रा में मिलेगा।
यूपी में कांग्रेस की पदयात्रा के दौरान प्रदेश के गावों में बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों में लोगों से मंहगाई के असर, निपटने के सरकारी उपायों, नाकामी और खेती किसानी पर हुए असर के बारे मं बात करने के साथ ही रोजगार के घटते अवसरों पर चर्चा होगी। कुल 24,180 ग्रामस्तरीय बैठक होगी और 5000 नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होगा।
उत्तर प्रदेश चुनावों से पहले विधानसभा के टिकटों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण, लड़कियों को स्मार्ट फोन, स्कूटी, दस लाख तक मुफ्त सरकारी ईलाज, महिलाओं को मु त तीन गैस सिलेंडर, मुफ्त बस यात्रा और किसानों की कर्जमाफी जैसे वादों के साथ कांग्रेस ने मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की है। किसानों की कर्ज माफी के साथ ही उन्हें धान गेंहू की कीमत 2500 रुपये कुंतल व गन्ना 400 रुपये कुंतल खरीद का वादा भी कांग्रेस ने किया है। मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और योगी के गढ़ गोरखपुर में बड़ी रैली कर प्रियंका गांधी ने अपनी ताकत भी दिखाई है।

First Published : November 10, 2021 | 11:26 PM IST