किसानों के समर्थन में एपीएमसी बंद

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 8:25 PM IST

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को मुंबई कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) के पांच बाजार बंद रहे। माथाडी कामगार ने बंद का समर्थन किया। किसानों के साथ-साथ भारत बंद को  राष्ट्रवादी कांग्रेस, शेतकरी स्वभिमानी संघटना, प्रहार संघटना और शिवसेना पार्टी ने भी अपना समर्थन दिया। महाविकास आघाडी ने भी भारत बंद का समर्थन किया।
शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि किसानों के लिए सभी ने समर्थन दिया है। जहां भाजपा सरकार है, वहां भी भारत बंद के लिए लोगो ने समर्थन दिया है। इसमे कोई राजनीति नही है।
दिल्ली की सीमा पर किसानों का पिछले 13 दिन से आंदोलन जारी है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ यह आंदोलन हो रहा है। मुंबई परिवहन की जीवन रेखा बेस्ट बस सेवा जारी रही, हालांकि टैक्सी और ऑटो रिक्शा पर कुछ असर दिखा। दादर सब्जी बाजार खुला रहा। पुणे कृषि बाजार, चाकण, ठाणे, नाशिक, पालघर, औरंगाबाद, कोल्हापुर, सोलापुर, पंढरपुर नंदुरबार जिले के छह कृषि बाजार बंद रहे।
कोल्हापुर में अत्यावश्यक सेवा को छोड़कर शेष दुकानें बंद रहीं। महाराष्ट्र राज्य की एसटीबस सेवा जारी रही। प्रहार संगठन के नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली जा रहे है। शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी ने भी कृषि कानूनों पर विरोध जताया है।

First Published : December 9, 2020 | 12:40 AM IST