बाजार

729% रिटर्न वाला शेयर: मशहूर आइसक्रीम कंपनी ने दिया अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड, रिकॉर्ड डेट सितंबर में

वाडीलाल इंडस्ट्रीज ने ₹21 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया, जो कंपनी के इतिहास का सबसे ऊंचा लाभांश है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 23, 2025 | 8:13 AM IST

आइसक्रीम और डेयरी प्रोडक्ट बनाने वाली जानी-मानी कंपनी वाडीलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपने शेयरधारकों को बड़ी सौगात दी है। कंपनी ने इस बार ₹21 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। यह कंपनी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड माना जा रहा है।

रिकॉर्ड डेट 12 सितंबर तय

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि डिविडेंड पाने के लिए रिकॉर्ड डेट 12 सितंबर 2025 तय की गई है। यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास वाडीलाल इंडस्ट्रीज के शेयर होंगे, वे इस लाभांश के हकदार बनेंगे।

डिविडेंड का पुराना रिकॉर्ड

वाडीलाल इंडस्ट्रीज का डिविडेंड देने का इतिहास काफी साधारण रहा है। साल 2023 और 2024 में कंपनी ने सिर्फ ₹1.50 प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था। 2016 से 2022 तक लगातार हर साल ₹1.25 प्रति शेयर का ही लाभांश घोषित किया गया। ऐसे में इस बार का ₹21 का डिविडेंड निवेशकों के लिए बेहद खास है।

शेयर प्राइस और मार्केट कैप

22 अगस्त 2025 तक वाडीलाल इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप ₹3,555.96 करोड़ रहा। वहीं, शुक्रवार को कंपनी का शेयर ₹4947.20 पर बंद हुआ, जो पिछले दिन के मुकाबले 1.65% गिरावट दर्शाता है।

पिछले कुछ महीनों का प्रदर्शन

हाल के महीनों में कंपनी के शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। बीते एक महीने में शेयर 11% टूटा है, जबकि तीन महीने में इसमें लगभग 17% की गिरावट आई। हालांकि, छह महीने की अवधि देखें तो शेयर ने करीब 29% का मुनाफा दिया है।

लंबी अवधि में शानदार रिटर्न

लंबी अवधि के निवेशकों के लिए वाडीलाल इंडस्ट्रीज ने हमेशा बेहतर रिटर्न दिए हैं। एक साल में शेयर ने करीब 24% की बढ़त दी है। पिछले दो सालों में यह 77% चढ़ा है, तीन साल में 111% और पांच साल में तो यह शेयर 729% तक उछल चुका है। कंपनी का शेयर पिछले 52 हफ्तों में ₹7,398.95 के हाई और ₹3,411.25 के लो तक पहुंचा।

First Published : August 23, 2025 | 8:13 AM IST