डीजल इंजन बनाने वाली दिग्गज कंपनी ‘स्वराज इंजिंस लिमिटेड’ ने अपने शेयरधारकों को एक बड़ी खुशखबरी दी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के शानदार प्रदर्शन के बाद अपने निवेशकों के लिए 110 रुपये के भारी-भरकम इक्विटी डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी के शेयर का फेस वैल्यू 10 रुपये है जिसके हिसाब से यह डिविडेंड 1100 फीसदी बैठता है।
कंपनी के बोर्ड ने 31 मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्त वर्ष के लिए इस डिविडेंड की सिफारिश की थी। इस शानदार पेआउट का फायदा उठाने के लिए निवेशकों को जरूरी तारीखों का ध्यान रखना होगा। कंपनी ने डिविडेंड पेमेंट और अपनी सालाना आम बैठक (AGM) के लिए 3 जुलाई 2026 की तारीख को ‘रिकॉर्ड डेट’ तय किया है। AGM में शेयरधारकों की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद, इस डिविडेंड का पेमेंट या डिस्पैच 20 जुलाई 2026 के बाद तय समय सीमा के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
स्वराज इंजिंस द्वारा इतने बड़े डिविडेंड के ऐलान के पीछे कंपनी का अब तक का सबसे बेहतरीन और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है। कंपनी ने लगातार छठे साल अपनी बिक्री और कमाई में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रखा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने अपने इतिहास में पहली बार सालाना बिक्री में 2,00,000 यूनिट का आंकड़ा पार किया है। पूरे साल में कंपनी की इंजन बिक्री 19.3 फीसदी बढ़कर 2,02,771 यूनिट पर पहुंच गई, जो इससे पिछले साल 1,68,820 यूनिट थी।
इस बेहतरीन बिक्री के दम पर कंपनी का सालाना नेट ऑपरेटिंग रेवेन्यू 19.3 फीसदी के उछाल के साथ 2,007.13 करोड़ रुपये रहा, जो पहले 1,681.89 करोड़ रुपये था। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) 18.3 फीसदी की बढ़त के साथ 196.31 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो इससे पिछले साल 165.98 करोड़ रुपये था।
सालाना नतीजों के साथ-साथ कंपनी ने चौथी तिमाही (Q4) में भी शानदार खेल दिखाया। मार्च 2026 को समाप्त हुई इस तिमाही में स्वराज इंजिंस का शुद्ध मुनाफा 20.48 फीसदी बढ़कर 54.6 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 45.4 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 20.2 फीसदी बढ़कर 545.8 करोड़ रुपये हो गया।