बजाज ग्रुप की दिग्गज कंपनी ‘बजाज होल्डिंग्स एंड इनवेस्टमेंट’ के निवेशकों के लिए जून का आखिरी हफ्ता बेहद शानदार रहने वाला है। अगर आपके पोर्टफोलियो में भी इस कंपनी के शेयर हैं, तो आपको तगड़ा मुनाफा होने जा रहा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर कुल 130 रुपये का बंपर डिविडेंड देने का फैसला किया है। इसमें 80 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड और 50 रुपये प्रति शेयर का स्पेशल डिविडेंड शामिल है।
कंपनी ने मार्च तिमाही और पूरे सालाना नतीजों के साथ ही इस भारी-भरकम डिविडेंड का ऐलान किया था, जो इसके शेयरों की फेस वैल्यू का 1,300 फीसदी है। कंपनी के रिकॉर्ड में जिन निवेशकों का नाम तय तारीख तक शामिल होगा, वे इस बड़े डिविडेंड के हकदार होंगे। इस डिविडेंड को मंजूरी देने के लिए कंपनी ने 31 जुलाई 2026 को अपनी 81वीं सालाना आम बैठक (AGM) बुलाई है। शेयरधारकों की वोटिंग और मंजूरी के बाद, यह पैसा 5 अगस्त 2026 या उससे पहले सीधे निवेशकों के बैंक खातों में क्रेडिट कर दिया जाएगा।
डिविडेंड पाने के लिए सबसे जरूरी तारीख को नोट करना बेहद अहम है। बजाज होल्डिंग्स ने इसके लिए 30 जून 2026 की तारीख को ‘रिकॉर्ड डेट’ तय किया है। यानी इस तारीख तक जिन लोगों के डीमैट खाते में कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें ही यह 130 रुपये का फायदा मिलेगा।
दिलचस्प बात यह है कि निवेशकों के लिए यह इस साल का पहला मुनाफा नहीं है। कंपनी इससे पहले इसी वित्त वर्ष (FY26) के दौरान अपने निवेशकों को 65 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड पहले ही दे चुकी है। अब 130 रुपये के इस नए ऐलान को मिलाकर, पूरे साल में कंपनी का कुल डिविडेंड 195 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच गया है।
अगर कंपनी के बिजनेस पर नजर डालें, तो बीती तिमाही कम रेवेन्यू के बावजूद इसके मुनाफे में जबरदस्त उछाल आया है। मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्त वर्ष में बजाज होल्डिंग्स का मुनाफा सालाना आधार पर 49 फीसदी बढ़कर 2,575 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले साल (FY25) में 1,726 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपेरटिंग रेवेन्यू 58 फीसदी घटकर 61 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 145 करोड़ रुपये था।
बजाज होल्डिंग्स का शेयरधारकों को लगातार रिवॉर्ड देने का एक लंबा और मजबूत इतिहास रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष (FY25) में भी कंपनी ने 28 रुपये का फाइनल और 65 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दिया था। वहीं वित्त वर्ष 2023-24 में निवेशकों को कुल 123 रुपये (110 रुपये अंतरिम + 13 रुपये फाइनल) का डिविडेंड मिला था।