Stock Market Closing Bell, March 17: एशियाई बाजारों से मिलेजुले रुख के बीच भारतीय शेयर मंगलवार (17 मार्च) को लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में बढ़त में बंद होने के कामयाब रहे। मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बावजूद ऑटो और मेटल शेयरों में तेज खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और एलएंडटी में खरीदारी ने भी बाजार को ऊपर खींचा।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बढ़त के साथ 75,826 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 76,304 अंक के हाई लेवल तक गया। अंत में 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत की बढ़त लेकर 76,070.84 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी बढ़त लेकर 23,493 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 23,656 के इंट्रा-डे हाई और 23,346 अंक के इंट्रा-डे लो तक गया। अंत में 172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,581 पर बंद हुआ।
सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट और लिवेलॉन्ग वेल्थ के फाउंडर हरिप्रसाद के ने कहा, ”निफ्टी 50 आज बढ़त के साथ खुला और ऊपर ही बना रहा, जिससे 23,000 का स्तर अब एक मजबूत सपोर्ट और भरोसे का स्तर बन गया है। अब इंडेक्स 23,600 के पास पहुंच रहा है, जहां पहले भी बिकवाली देखी गई थी। इसका मतलब है कि बाजार में अभी भी ऊपर जाते समय बेचने का रुझान बना हुआ है।”
उन्हों कहा, ”अगर निफ्टी 23,600 के ऊपर मजबूती से निकल जाता है, तो यह 23,800 से 24,000 तक जा सकता है। लेकिन यह इलाका भी मजबूत रेजिस्टेंस बन सकता है। नीचे की तरफ, अगर निफ्टी ऊपर टिक नहीं पाता, तो यह 23500 तक गिर सकता है। इसके बाद 23,300–23,350 के बीच मजबूत सहारा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि पहले यहां खरीदारी ज्यादा हुई थी।”
एक्सपर्ट ने कहा कि संकेत देने वाले इंडिकेटर भी अब थोड़ा संभलते दिख रहे हैं। आरएसआई करीब 34 तक पहुंच गया है और सीसीआई अभी भी नीचे है, लेकिन सुधर रहा है। इससे पता चलता है कि नीचे के स्तर पर धीरे-धीरे खरीदारी शुरू हो रही है और बाजार एक छोटा आधार बना रहा है।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल सबसे ज्यादा चढ़ा। इसमें करीब 5.5 प्रतिशत की तेजी आई। टाटा स्टील भी 4 फीसदी से ज्यादा चढ़ा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एलएंडटी, भारती एयरटेल, इंडिगो, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशीयन पेंट्स और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एसबीआई गिरावट में रहे।
ब्रोडर मार्केटस में निफ्टी मिडकैप 100 में 1.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप में 0.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा 2.8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.1 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.8 प्रतिशत चढ़ा। जबकि निफ्टी एफएमसीजी और आईटी इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई।
दो ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स 1,500 अंक से ज्यादा यानी करीब 2 प्रतिशत बढ़ चुका है। जबकि निफ्टी 50 में भी 430 अंकों यानी लगभग 2 फीसदी की तेजी आई है। सिर्फ दो सेशन में निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 430 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 433 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।