शेयर बाजार

अमेरिकी शुल्क घोषणा के बाद सौर कंपनियों के शेयर गिरे, वारी एनर्जीज से लेकर प्रीमियर एनर्जीज तक भारी गिरावट

अमेरिका ने आरोप लगाया है कि भारतीय सौर उत्पादों को अनुचित सरकारी सब्सिडी दी जा रही है जिसके कारण 125.87 प्रतिशत का प्रारंभिक प्रतिपूरक शुल्क लगाने की घोषणा की गई है

Published by
भाषा   
Last Updated- February 25, 2026 | 9:56 PM IST

कुछ भारतीय सौर उत्पादों पर अमेरिका में 125.87 प्रतिशत का प्रारंभिक प्रतिपूरक शुल्क लगाए जाने की घोषणा के बाद सौर क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई पर वारी एनर्जीज के शेयर 10.47 प्रतिशत, प्रीमियर एनर्जीज 6.27 प्रतिशत, विक्रम सोलर 5.45 प्रतिशत और स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी 1.05 प्रतिशत टूटे। कारोबार के दौरान बीएसई पर वारी एनर्जीज का शेयर एक समय 14.99 प्रतिशत लुढ़क गया था जबकि प्रीमियर एनर्जीज लिमिटेड के शेयर में 14.23 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।

इसी तरह विक्रम सोलर का शेयर 7.47 प्रतिशत और स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड का शेयर 2.36 प्रतिशत टूट गया था। हालांकि बाद में इन कंपनियों के शेयरों में थोड़ा सुधार देखा गया और उनकी गिरावट में कुछ कमी दर्ज की गई।

अमेरिका ने आरोप लगाया है कि भारतीय सौर उत्पादों को अनुचित सरकारी सब्सिडी दी जा रही है जिसके कारण 125.87 प्रतिशत का प्रारंभिक प्रतिपूरक शुल्क लगाने की घोषणा की गई है।

अमेरिकी आदेश के अनुसार, ‘24 फरवरी 2026 को अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने भारत, इंडोनेशिया और लाओस से क्रिस्टलाइन सिलिकॉन फोटोवोल्टिक सेल, चाहे वे मॉड्यूल में संयोजित हों या नहीं (सोलर सेल), के संबंध में प्रतिपूरक शुल्क जांच में अपने प्रारंभिक निष्कर्षों की घोषणा की।’

First Published : February 25, 2026 | 9:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)