शेयर बाजार

Closing Bell: शेयर बाजार में लौटी तेजी; Sensex 122 अंक चढ़ा, Nifty 21,500 के नीचे

कारोबार के दौरान एक समय BSE Sensex 308.62 अंक चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 71,623.71 अंक पर पहुंच गया था।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 19, 2023 | 5:13 PM IST

घरेलू  शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 122 अंक चढ़कर बंद हुआ । वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज में लिवाली से बाजार में तेजी आई। कारोबार के दौरान दोनों मानक सूचकांक…सेंसेक्स और निफ्टी…रिकॉर्ड स्तर पर चले गये थे।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 122.10 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71,437.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 308.62 अंक चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 71,623.71 अंक पर पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी कारोबार के दौरान 86.4 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 21,505.05 अंक तक पहुंचा। हालांकि, अंत में यह 34.45 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,453.10 अंक पर बंद हुआ।

Top Gainers

सेंसेक्स की कंपनियों में नेस्ले, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

Top Losers

नुकसान में रहने वाले शेयरों में विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व और मारुति शामिल हैं।

International Indices

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त में रहे थे।

FIIs

वैश्विक स्तर पर तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने लगातार लिवाली के बाद सोमवार को 33.51 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। तीन दिन की तेजी के बाद सेंसेक्स सोमवार को 168.66 अंक और निफ्टी 38 अंक नुकसान में रहा था।

First Published : December 19, 2023 | 4:46 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)