फार्मा सूचकांक ने हालिया सत्रों में बाजार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है और 200-डीएमए से ऊपर बने रहने से इसमें और तेजी आने की संभावना है
निफ्टी फार्मा सूचकांक इस साल अप्रैल के बाद से सोमवार को पहली बार 200-डीएमए से ऊपर पहुंच गया। अप्रैल में खरीदारी की रफ्तार बरकरार नहीं रहने से फार्मा सूचकांक जून 2022 में गिरकर 11,726 के 52 सप्ताह के नए निचले स्तर पर आ गया था।
पिछले सप्ताह, एनएसई फार्मा सूचकांक 2.85 प्रतिशत चढ़ा और कमजोर बाजार में अच्छा प्रदर्शन करने वाले सूचकांकों में शुमार रहा। तुलनात्मक तौर पर प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी-50 ने सितंबर के अंत में डबल टेप फॉर्मेशन बनाया और करीब 1.30 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की।
वहीं इस साल अब तक (वाईटीडी) आधार पर, निफ्टी फार्मा अभी भी 7.35 प्रतिशत नीचे है। वर्ष 2021 और 2020 में इस सूचकांक में 10 प्रतिशत और 60 प्रतिशत की तेजी आई थी।
निफ्टी फार्मा सूचकांक ने इस साल अपने 200-डीएमए पर पहुंचने की तीसरी कोशिश की है, और यदि सूचकांक इस स्तर से ऊपर डटे रहने में सफल रहता है तो बाद के महीनों में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
नीचे निफ्टी फार्मा सूचकांक और कुछ खास शेयरों का तकनीकी दृष्टिकोण पेश किया जा रहा है:
निफ्टी फार्मा
आउटलुक: 200-डीएमए पार होने पर 6.50 प्रतिशत चढ़कर 14,000 पर पहुंचने की संभावना
जब कोई शेयर अपने 200-डीएमए पर पहुंचता है तो तेजी की धारणा को कीमत समर्थन के साथ बदलाव का तकनीकी संकेत मिलता है। निफ्टी फार्मा सूचकांक के साथ भी ऐसा ही है। इस सूचकांक ने सोमवार को 13,000 पर 200-डीएमए छुआ। साप्ताहिक चार्ट से पता चलता है कि इसके अलावा, इस सूचकांक ने शानदार कारोबार के साथ 13,100 की बाधा को पार किया। इस सूचकांक में मजबूत तेजी का संकेत दिख रहा है और यह 14,000 के स्तर पर पहुंच
सकता है।
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज
आउटलुक: 10 प्रतिशत तेजी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के शेयर ने पिछले सप्ताह से 52 सप्ताह की नई ऊंचाई को छुआ है। टेक्नीकल संकेतक मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डाइवर्जेंस (एमएसीडी) मजबूत धारणा के साथ जीरो लाइन से ऊपर बना हुआ है। इस शेयर के लिए समर्थन 920 रुपये और 880 रुपये के स्तरों पर बना हुआ है।
टॉरंट फार्मास्युटिकल्स
आउटलुक: शेयर चढ़कर 1,800 रुपये पर जा सकता है
मंगलवार को दिन के कारोबार में 1,605 रुपये की ऊंचाई पर पहुंचने के साथ टॉरंट फार्मास्युटिकल्स का शेयर नया ऐतिहासिक ऊंचा स्तर दर्ज करने से महज 0.55 प्रतिशत दूर रह गया। 200-डीएमए पर ‘डबल बॉटम’ फॉर्मेशन के साथ इस शेयर में मजबूत संभावना है। कीमत संकेतक और टेक्नीकल संकेतक डीएमए और एमएसीडी के नए ऊंचे स्तरों पर पहुंचने से संकेत मिलता है कि तेजड़ियों की इस शेयर पर अच्छी पकड़ है।
सिप्ला
आउटलुक: शेयर में 1 प्रतिशत तेजी आने की संभावना
सिप्ला का शेयर इस साल अब तक 21 प्रतिशत चढ़ा है और उसने फार्मा सूचकांक में शामिल कई अन्य शेयरों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। कारोबार में तेजी के साथ शेयर धीरे धीरे ऊंचा आधार तैयार कर रहा है। इस परिदृश्य से संकेत मिलता है कि बाजार भागीदारी के बजाय कीमत सुधरने से शेयर को ताकत मिलेगी। इस शेयर के लिए अल्पावधि समर्थन 1,050 रुपये पर देखा गया है।
ग्रैन्यूल्स इंडिया
आउटलुक: गोल्डन क्रॉस पैटर्न से 15 प्रतिशत तेजी की संभावना
ग्रैन्यूल्स इंडिया के शेयर ने 330 रुपये के आंकड़े को पार किया है, जो इस साल जनवरी में 200-डीएमए से गिरने के बाद इस शेयर के लिए बाधा था। इसके अलावा, शेयर ने दैनिक चार्ट पर ‘गोल्डन क्रॉस’ भी बनाया है। इससे इस शेयर में मजबूत धारणा का संकेत मिलता है।