म्युचुअल फंड

LIC MF ने उतारा नया टेक्नोलॉजी फंड, ₹200 की SIP से एआई, डेटा सेंटर और डिजिटल प्लेटफॉर्म में निवेश का मौका

इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर (NFO) सब्सक्रिप्शन के लिए आज यानी 20 फरवरी से खुल गया है और 6 मार्च को बंद होगा

Published by
अंशु   
Last Updated- February 20, 2026 | 4:24 PM IST

LIC MF Technology Fund: एलआईसी म्युचुअल फंड ने शुक्रवार को एलआईसी एमएफ टेक्नोलॉजी फंड पेश किया। यह एक ओपन-एंडेड थीमैटिक इक्विटी स्कीम है, जो मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियों में निवेश करती है। फंड हाउस के मुताबिक, इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर (NFO) सब्सक्रिप्शन के लिए आज यानी 20 फरवरी से खुल गया है और 6 मार्च को बंद होगा। एनएफओ पीरियड के बाद, यह स्कीम 19 मार्च से नियमित खरीद और रिडेम्प्शन के लिए उपलब्ध होगी। यह फंड अपने बेंचमार्क के रूप में BSE TECK टोटल रिटर्न इंडेक्स (TRI) को ट्रैक करेगा। करन दोशी और जयप्रकाश तोशनीवाल दोनों साथ मिलकर इस फंड को मैनेज करेंगे।

LIC MF Technology Fund की डिटेल

फंड का नाम – एलआईसी एमएफ टेक्नोलॉजी

फंड टाइप – ओपन-एंडेड थीमैटिक इक्विटी स्कीम

NFO ओपन डेट – 20 फरवरी, 2026

NFO क्लोजिंग डेट – 6 मार्च, 2026

मिनिमम निवेश – ₹1,000 और उसके बाद ₹1 के मल्टीपल में

मिनिमम SIP निवेश – हर दिन ₹100, मंथली ₹200 या तिमाही ₹1,000

प्लान – रेगुलर और डायरेक्ट (Growth and IDCW ऑप्शन के साथ)

एग्जिट लोड – 90 दिनों के अंदर यदि 12% से ज्यादा यूनिट्स रिडीम या स्विच-आउट की जाती हैं, तो 1% एग्जिट लोड देना होगा

बेंचमार्क – BSE TECK TRI

रिस्क लेवल – बहुत ज्यादा जोखिम (very high risk)

फंड मैनेजर – करन दोशी और जयप्रकाश तोशनीवाल

Also Read: 5 साल में SIP से 15-20 लाख की SUV खरीदें: कैश या डाउन पेमेंट, जानें सही प्लान

फंड की इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी क्या होगी?

स्कीम इनफार्मेशन डॉक्यूमेंट (SID) के अनुसार, निवेश का मकसद हासिल करने के लिए एलआईसी एमएफ टेक्नोलॉजी फंड एक्टिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी पर चलेगा। फंड का मकसद टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े मौकों का फायदा उठाने है।

यह स्कीम उन कंपनियों के इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट में निवेश करेगी, जो टेक्नोलॉजी, इंटरनेट और डिजिटल, डेटा सेंटर व संबंधित सेवाओं तथा ई-कॉमर्स/क्यू-कॉमर्स (T.I.D.E.) सेक्टर का हिस्सा हैं।

स्कीम अपने कुल निवेश का 80% से 100% हिस्सा इन सेक्टर की कंपनियों में लगाएगी। बाकी 20% तक पैसा जरूरत के अनुसार अन्य सेक्टर में भी निवेश किया जा सकता है।

फंड कैसे तैयार करेगा पोर्टफोलियो?

पोर्टफोलियो का निर्माण मार्केट कैप पर निर्भर नहीं होगा। स्टॉक का सलेक्शन बॉटम-अप अप्रोच से किया जाएगा, जिसमें कंपनी की क्वालिटी, ग्रोथ की संभावना, मैनेजमेंट की मजबूती और वैल्यूएशन को देखा जाएगा। इसके साथ ही टॉप-डाउन अप्रोच के तहत डिजिटल अपनाने के ट्रेंड और टेक्नोलॉजी साइकिल पर भी ध्यान दिया जाएगा। फंड का फोकस ऐसी कंपनियों पर रहेगा जिनका बिजनेस मॉडल मजबूत हो, बाजार में अच्छी पकड़ हो और कॉर्पोरेट गवर्नेंस के उच्च मानक हों।

एलआईसी म्युचुअल फंड के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (इक्विटी) योगेश पाटिल ने कहा, ‘‘हम ऐसी कंपनियों को चुनने पर ध्यान देते हैं जिनमें लंबे समय तक ग्रोथ की क्षमता हो। हम उन बिजनेस को प्राथमिकता देते हैं जिनका कैश फ्लो मजबूत हो और मॉडल आसानी से बढ़ाया जा सके। हमारा लक्ष्य एक ही सेक्टर में पैसा लगाने के बजाय टेक्नोलॉजी सेक्टर में डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो बनाना है।”

Also Read: PSU Banks पर म्युचुअल फंड्स बुलिश, जनवरी में निवेश 3 साल के हाई पर; SBI को सबसे ज्यादा फायदा

किसे करना चाहिए निवेश?

फंड हाउस के मुताबिक, यह स्कीम उन निवेशकों के लिए बेहतर हो सकती है जो टेक्नोलॉजी और टेक्नोलॉजी से जुड़े सेक्टर्स की संभावित ग्रोथ का फायदा उठा लॉन्ग टर्म में कैपिटल ग्रोथ हासिल करना चाहते हैं।

एलआईसी म्युचुअल फंड के एमडी और सीईओ आर.के. झा ने कहा, ‘‘आम बजट 2026-27 ने सेमीकंडक्टर के विकास और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति सरकार ने अपना मजबूत फोकस दोबारा दिखाया है। जैसे-जैसे भारत का टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन से एआई अपनाने की ओर बढ़ रहा है, हमें आने वाले कई वर्षों तक शेयर बाजार में अच्छे अवसर दिख रहे हैं।’’

पारंपरिक आईटी फंड्स से अलग, एलआईसी एमएफ टेक्नोलॉजी फंड सिर्फ आईटी कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा। यह फंड सेमीकंडक्टर्स, डेटा सेंटर, डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म, इंटरनेट बिजनेस और उभरती हुई टेक्नोलॉजी कंपनियों जैसे कई सेक्टर में निवेश करेगा।


(डिस्क्लेमर: यहां NFO की डीटेल दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : February 20, 2026 | 4:24 PM IST