शेयर बाजार

Market This Week: नतीजों से मिला सपोर्ट, अमेरिका-ईरान तनाव ने बढ़ाई चिंता; बढ़त में रहे सेंसेक्स और निफ्टी

Market this Week: इस हफ्ते सबसे ज्यादा तेजी सरकारी बैंकों में रही। सरकारी बैंक इंडेक्स करीब 5.5 प्रतिशत चढ़ा। यह इंडेक्स पिछले दो हफ्तों में करीब 8.9 प्रतिशत बढ़ चुका है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 20, 2026 | 4:16 PM IST

Market This Week: भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स निफ्टी-50 और सेंसेक्स में इस हफ्ते बढ़त दर्ज की गई। बाजार में शुक्रवार को खरीदारी देखने को मिली, जिससे हफ्ते के अंत में अच्छी बढ़त बनी। बैंक शेयरों में मुनाफे में सुधार की उम्मीद से तेजी आई। हालांकि, अमेरिका-ईरान तनाव और आईटी सेक्टर में एआई के असर की चिंता बाजार पर दबाव डालती रही। निफ्टी-50 इंडेक्स 0.46 प्रतिशत बढ़कर 25,571.25 पर बंद हुआ। जबकि सेंसेक्स 0.38 फीसदी चढ़कर 82,814.71 पर पहुंच गया।

साप्ताहिक आधार पर निफ्टी में इस हफ्ते (16 से 20 फरवरी) करीब 0.4 प्रतिशत और सेंसेक्स में करीब 0.2 फीसदी की बढ़त रही। 16 में से 12 बड़े सेक्टर इस हफ्ते बढ़त में रहे। हालांकि, स्मॉलकैप शेयर 0.2 फीसदी टूटे, जबकि मिडकैप में 0.1 प्रतिशत की मामूली बढ़त रही।

Top Gainer

इस हफ्ते सबसे ज्यादा तेजी सरकारी बैंकों में रही। सरकारी बैंक इंडेक्स करीब 5.5 प्रतिशत चढ़ा। यह इंडेक्स पिछले दो हफ्तों में करीब 8.9 प्रतिशत बढ़ चुका है। इसका कारण नतीजों के बाद बाजार में बढ़ा भरोसा है।

बाजार के एक्सपर्ट्स के अनुसार, सरकारी बैंक उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि निजी बैंक उतनी तेजी नहीं दिखा पाए। सरकारी बैंकों को मजबूत कर्ज क्वालिटी, कम कर्ज नुकसान और विदेशी निवेश बढ़ने की संभावना से भी फायदा मिला।

इस हफ्ते निजी बैंक 0.8 प्रतिशत और फाइनेंशियल शेयर 0.3 फीसदी बढ़े। लेकिन सरकारी बैंकों से कमजोर रहे। इसके अलावा एनर्जी शेयरों में 2.4 प्रतिशत और एफएमसीजी शेयरों में 1.7 प्रतिशत की बढ़त रही।

इस हफ्ते के मुख्य ट्रिगर

आईटी सेक्टर में एआई के कारण बदलाव की चिंता और अमेरिका-ईरान तनाव से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने का डर, बाजार के उत्साह को थोड़ा कम कर रहा है। कच्चे तेल के दाम बढ़ना भारत के लिए नकारात्मक माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत दुनिया में कच्चा तेल आयात करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश है।

बाजार का माहौल बेहतर जरूर हुआ है। कंपनियों के तिमाही नतीजे अच्छे आए हैं और लंबे समय से कमजोर प्रदर्शन के बाद शेयर अब आकर्षक कीमतों पर दिख रहे हैं। लेकिन भू-राजनीतिक जोखिम और एआई से जुड़े खतरे निकट समय में दबाव बना सकते हैं। वोलैटिलिटी दिखाने वाला सूचकांक इंडिया वीआईएक्स इस हफ्ते बढ़कर 14.36 पर पहुंच गया, जो करीब 8 महीने के उच्च स्तर के पास है।

Also Read | Ola Electric Share: कभी ₹157 पर था, आज 26 रु पर आया; क्यों भंग हुआ निवेशकों का भरोसा?

वहीं, आईटी इंडेक्स इस हफ्ते 2.1 प्रतिशत गिरा और लगातार पांचवें हफ्ते गिरावट में रहा। यह पिछले छह महीनों में आईटी सेक्टर की सबसे लंबी गिरावट की सीरीज है।

निवेशकों की वेल्थ 1.70 लाख करोड़ रु बढ़ी

निवेशकों की वेल्थ में इस हफ्ते इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप पिछले शुक्रवार (13 फरवरी) को 46,525,08 करोड़ रुपये था। इस शुक्रवार (20 फरवरी) को यह बढ़कर 4,66,95,506 करोड़ रुपये हो गया। इस तरह, बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप इस हफ्ते 1,70,425 करोड़ रुपये बढ़ गया।

First Published : February 20, 2026 | 4:08 PM IST