जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट (JioBlackRock AMC) ने 17 अगस्त 2026 से अपनी म्युचुअल फंड योजनाओं में रेगुलर प्लान की सुविधा शुरू कर दी है। अब निवेशक कंपनी की म्युचुअल फंड योजनाओं में सीधे निवेश करने के अलावा रजिस्टर्ड म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए भी पैसा लगा सकेंगे। कंपनी का कहना है कि रेगुलर प्लान शुरू होने से निवेशकों को निवेश करने का एक और विकल्प मिलेगा। साथ ही कंपनी को देश भर में अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट, जियो फाइनैंशियल सर्विसेज और ब्लैकरॉक का 50:50 संयुक्त उद्यम है।
कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अभी तक जियोब्लैकरॉक का ज्यादा जोर डिजिटल तरीके से निवेश की सुविधा देने पर था। अब रेगुलर प्लान आने के बाद निवेशक म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर की मदद और सलाह लेकर भी कंपनी की योजनाओं में निवेश कर सकेंगे।
कंपनी का मानना है कि भारत में बड़ी संख्या में निवेशक निवेश से पहले डिस्ट्रीब्यूटर या वित्तीय सलाहकार की मदद लेते हैं। ऐसे में रेगुलर प्लान से कंपनी को नए निवेशकों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिड स्वामीनाथन ने कहा कि कंपनी का मकसद निवेश को सरल बनाना और ज्यादा लोगों को वित्तीय बाजार में निवेश के अवसर उपलब्ध कराना है। कंपनी अपने मौजूदा माध्यमों के साथ डिस्ट्रीब्यूटरों से भी साझेदारी मजबूत कर रही है। रेगुलर प्लान की शुरुआत से निवेशकों को यह चुनने की सुविधा मिलेगी कि वे किस तरीके से निवेश करना चाहते हैं।
उन्होंने कंपनी के हाल में पेश प्रिज्म हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस फंड में निवेशकों की दिलचस्पी से पता चलता है कि अलग-अलग तरह के निवेश उत्पादों की मांग बढ़ रही है।
कंपनी के मुख्य बिजनेस अधिकारी (CBO) राजीव छाबड़िया ने कहा कि भारत में म्युचुअल फंड का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। लोगों में निवेश को लेकर जागरूकता बढ़ी है और छोटे शहरों तथा कस्बों से भी नए निवेशक म्युचुअल फंड से जुड़ रहे हैं। उनके मुताबिक, इस बदलाव में म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटरों की अहम भूमिका है। कंपनी रेगुलर प्लान के जरिए डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ लंबी अवधि की साझेदारी करना चाहती है।
ये भी पढ़ें… जुलाई में बायोकॉन बनी MF की पसंदीदा स्मॉल-कैप खरीद, ₹3,300 करोड़ का निवेश
कंपनी के मुताबिक, 17 अगस्त से पात्र जियोब्लैकरॉक म्युचुअल फंड योजनाओं में रेगुलर प्लान उपलब्ध हैं। निवेशक कंपनी से जुड़े म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटरों के जरिए इनमें निवेश कर सकते हैं। कंपनी ने डिस्ट्रीब्यूटरों के लिए ऑनलाइन जुड़ने की सुविधा भी दी है, जिससे उनकी पंजीकरण प्रक्रिया आसान और तेज होगी।
जियोब्लैकरॉक का लक्ष्य ब्लैकरॉक के वैश्विक निवेश अनुभव और तकनीक को जियो की डिजिटल पहुंच के साथ जोड़कर देश में ज्यादा से ज्यादा निवेशकों तक पहुंचना है।