बाजार

Fortis से Paytm तक, MSCI की नई लिस्ट में 4 भारतीय शेयर शामिल – चीन ने भी दिखाई ताकत

MSCI ने अपने नवंबर 2025 की समीक्षा में भारत से चार नए शेयर जोड़े - Fortis Healthcare, GE Vernova, Paytm और Siemens Energy

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- November 06, 2025 | 9:11 AM IST

MSCI Index November Review: ग्लोबल इंडेक्स बनाने वाली संस्था MSCI ने अपने प्रमुख इंडेक्स में बड़े बदलावों का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा कि इस बार चार नए शेयरों को ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में जोड़ा गया है। इनमें Fortis Healthcare, GE Vernova, One97 Communications (Paytm) और Siemens Energy शामिल हैं।

MSCI में कौन-कौन से शेयर हुए शामिल और बाहर?

MSCI की घोषणा के मुताबिक, Fortis Healthcare, GE Vernova, One97 Communications (Paytm) और Siemens Energy शामिल और Container Corp और Tata Elxsi को ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स से हटा दिया गया है। ये बदलाव 1 दिसंबर 2025 से लागू होंगे।

नए शेयर क्यों जोड़े गए?

इन कंपनियों को इंडेक्स में शामिल किया गया है क्योंकि हाल के महीनों में इन शेयरों में तेजी देखने को मिली है।

  • Fortis Healthcare का शेयर पिछले एक साल में 41% चढ़ा है।
  • GE Vernova में 51% की बढ़त हुई है।
  • Paytm (One97 Communications) में 24% का उछाल आया है।
  • वहीं, Siemens Energy इस साल लिस्ट होने के बाद से 14% ऊपर है।
  • इसी दौरान Nifty50 इंडेक्स केवल 8.2% ही बढ़ा है। यानी इन चारों शेयरों ने बाजार से बेहतर प्रदर्शन किया है।

कितना पैसा आ सकता है इन शेयरों में?

Nuvama Alternative & Quantitative Research के अनुमान के मुताबिक, फोर्टिस और बाकी तीन नए शामिल शेयरों में 252 मिलियन डॉलर से 436 मिलियन डॉलर (₹2,100 से ₹3,600 करोड़) तक की विदेशी फंडिंग आ सकती है। वहीं, जिन दो शेयरों को इंडेक्स से हटाया गया है — Container Corp और Tata Elxsi, उनमें से 162 मिलियन डॉलर तक की निकासी हो सकती है।

घरेलू MSCI इंडेक्स में भी बदलाव

भारत के घरेलू MSCI इंडेक्स में भी बदलाव किए गए हैं। Fortis Healthcare, FSN Ecommerce Ventures (Nykaa), GE Vernova, Indian Bank, One97 Communications (Paytm) और Siemens Energy India को इस इंडेक्स में शामिल किया गया है। जबकि Container Corp और Tata Elxsi को इस लिस्ट से हटा दिया गया है।

MSCI स्मॉल कैप इंडेक्स में क्या हुआ बदलाव?

MSCI India Domestic स्मॉल कैप इंडेक्स में इस बार 7 नई कंपनियां जोड़ी गईं और 33 को हटाया गया। नए शामिल शेयर हैं – Astral, Blue Jet Healthcare, Container Corp, Honeywell Automation, Leela Palaces, Tata Elxsi और Thermax।

दुनिया भर में MSCI की समीक्षा का असर

वैश्विक स्तर पर MSCI ने अपनी नवंबर 2025 समीक्षा में 69 नए शेयर जोड़े और 64 को हटाया है। चीन के लिए यह खास रहा, क्योंकि इस बार MSCI ने चीन के ज्यादा शेयर जोड़े और कम हटाए। यह फरवरी 2024 के बाद पहली बार हुआ है। MSCI China Index इस साल अब तक 30% से ज्यादा बढ़ चुका है।

पहले कौन से भारतीय शेयर हुए थे शामिल?

इससे पहले अगस्त 2025 की समीक्षा में Swiggy, Vishal Mega Mart, Hitachi Energy और Waaree Energies को ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में जगह मिली थी।

First Published : November 6, 2025 | 9:05 AM IST