आईपीओ

Sedemac Mechatronics IPO: अप्लाई करने के लिए खुला, सब्सक्राइब करें या नहीं? जानें GMP और ब्रोकरेज की सलाह

Sedemac Mechatronics IPO: कंपनी ने प्रति शेयर 1,287 से 1,352 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 11 शेयर होंगे।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 04, 2026 | 8:29 AM IST

Sedemac Mechatronics IPO: वाहन और जनरेटर सेट के लिए नियंत्रण आधारित उपकरण बनाने वाली कंपनी सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का आईपीओ बुधवार (4 मार्च) को अप्लाई करने के लिए खुल गया। कंपनी ने इश्यू के जरिये 1,087.45 करोड़ रुपये जुटाने का टारगेट रखा है। यह पूरा इश्यू बिक्री पेशकश के रूप में है। इसके तहत 80 लाख इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे।

कंपनी ने प्रति शेयर 1,287 से 1,352 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 11 शेयर होंगे। रिटेल निवेशक को कम से कम 14,872 रुपये निवेश करने होंगे। एमयूएफजी इंटाइम इंडिया इस निर्गम का रजिस्ट्रार है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, अवेंडस कैपिटल और एक्सिस कैपिटल इस निर्गम के प्रमुख प्रबंधक हैं। इस इश्यू से कंपनी को कोई धनराशि नहीं मिलेगी। आईपीओ से मिलने वाली पूरी राशि, खर्च और कर घटाने के बाद शेयर बेचने वाले निवेशकों को जाएगी।

बिक्री पेशकश में मनीष शर्मा और अश्विनी अमित दीक्षित प्रवर्तक के तौर पर अपने शेयर बेच रहे हैं। इसके अलावा ए91 इमर्जिंग फंड द्वितीय और एनआरजेएन फैमिली ट्रस्ट भी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। एक्सपोनेंशिया अपॉर्च्युनिटीज फंड द्वितीय और मेस भी अपने शेयर बेचेंगे। 360 वन स्पेशल अपॉर्च्युनिटीज फंड श्रृंखला 8 और 360 वन मोनोपोलिस्टिक मार्केट इंटरमीडियरीज फंड भी बिक्री में शामिल हैं। एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और एक्सपोनेंशिया अपॉर्च्युनिटीज फंड भी अपने शेयर बेच रहे हैं।

कंपनी ने इश्यू का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड निवेशकों खरीदारों, 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों और कम से कम 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व रखा है।

Sedemac Mechatronics IPO GMP

सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स के नॉन-लिस्टेड शेयर मंगलवार लगभग सपाट रुख के साथ 1,355 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। यह इश्यू प्राइस 1,352 रुपये प्रति शेयर से 3 रुपये अधिक है। यह जानकारी अनौपचारिक बाजार पर नजर रखने वाले सूत्रों के हवाले से दी गई है।

Sedemac Mechatronics IPO: सब्सक्राइब करें या नहीं?

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के एनालिस्ट्स के अनुसार, कंपनी के मुनाफे में सुधार साफ दिखाई दे रहा है और वित्त वर्ष 2025 में नेट लाभ आठ गुना बढ़ा है। हालांकि, वित्त वर्ष 2024 का आधार कमजोर था, इसलिए आय की मजबूती को पुख्ता मानने के लिए अगले दो-तीन तिमाहियों के नतीजों पर नजर रखना जरूरी होगा।

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि कंपनी घरेलू वाहन सहायक उद्योग में एक खास तकनीकी क्षेत्र में काम करती है और प्रमुख वाहन निर्माताओं के साथ उसके मजबूत संबंध हैं। कंपनी आईएसजी ईसीयू और जनरेटर नियंत्रकों के क्षेत्र में मजबूत स्थिति रखती है।

ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत है। उसका लाभ मार्जिन करीब 20 प्रतिशत है और पूंजी के उपयोग की क्षमता अच्छी है। इक्विटी और पूंजी पर प्रतिफल 20 प्रतिशत से अधिक है। अपर प्राइस बैंड 1,352 रुपये पर कंपनी का वैल्यूएशन वित्त वर्ष 2026 के अनुमानित आंकड़ों के आधार पर करीब 63 गुना प्राइस अर्निंग रेश्यो पर किया गया है।

First Published : March 4, 2026 | 8:29 AM IST