बाजार

ऑटो कलपुर्जा शेयरों में लौटी रौनक: व्यापार समझौतों और दमदार नतीजों से निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

ऑटो कलपुर्जा कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन 2025 में थोड़ा धीमा रहा। लेकिन साल की शुरुआत से ही ये निफ्टी ऑटो इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं

Published by
राम प्रसाद साहू   
Last Updated- February 15, 2026 | 9:31 PM IST

ऑटो सेक्टर के शेयरों ने शुक्रवार को अन्य सेक्टरों की तुलना में बिकवाली के दबाव का बेहतर ढंग से सामना किया। बीएसई ऑटो और निफ्टी ऑटो में बेंचमार्क इंडेक्स में जहां 1.3 फीसदी की गिरावट आई, वहीं इन शेयरों में 1 प्रतिशत से भी कम की गिरावट दर्ज की गई। पिछले महीने के मुकाबले कई कारणों से वाहन कलपुर्जा कंपनियों के शेयरों की संभावनाएं बेहतर हुई हैं।

ऑटो कलपुर्जा कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन 2025 में थोड़ा धीमा रहा। लेकिन साल की शुरुआत से ही ये निफ्टी ऑटो इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल, पिछले महीने निफ्टी ऑटो इंडेक्स में लाभ वाले तीन अग्रणी शेयर ऑटो कलपुर्जा कंपनियों के थे। इनमें सबसे आगे भारत फोर्ज रही। उसके शेयरों में 19.1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। उसके बाद सोना बीएलडब्ल्यू प्रीसिजन (15.6 फीसदी) और संवर्धन मदरसन (14.3 फीसदी) का स्थान रहा। 

अग्रणी सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में मजबूती का कारण दिसंबर तिमाही के अच्छे परिणाम, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और ऑटोमोबाइल कारोबार से इतर  विविधता अपनाना है। इससे उन्हें ऑटोमोबाइल क्षेत्र में चक्रीय मांग और प्रौद्योगिकी रुझानों का जोखिम कम करने में मदद मिली है।

सकारात्मक पहलुओं में ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ हाल में हुए व्यापार समझौते शामिल हैं। ऐक्सिस सिक्योरिटीज का मानना ​​है कि ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते वाहन कलपुर्जा निर्यातकों के लिए मददगार हैं। संचित कारेकर के अनुसार फोर्जिंग, कास्टिंग, पहिये, एक्सल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे इंजीनियरिंग-प्रधान कलपुर्जों को यूरोपीय बाजारों में बेहतर पहुंच मिलने की संभावना है और इसे भारत के लागत लाभ और चीन+1 रणनीति के तहत यूरोपीय ओईएम के म्ल खरीदने में विविधता अपनाने से बढ़त मिलेगी। 

ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इससे स्पष्ट रूप से निर्यात वाली कलपुर्जा कंपनियों को फायदा होगा। फर्म ने एंड्योरेंस टेक्नॉलजी को 2,830 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है और बने रहने की रेटिंग दी है। उसने सीआईई ऑटोमोटिव और सनसेरा इंजीनियरिंग को क्रमशः 500 रुपये प्रति शेयर और 1,950 रुपये प्रति शेयर की लक्षित कीमत के साथ खरीद की रेटिंग दी है।

अमेरिका-भारत व्यापार समझौता एक और सकारात्मक पहलू है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि जवाबी टैरिफ 50 फीसदी से घटकर 18 फीसदी होना ऑटोमोबाइल निर्माताओं की तुलना में वाहन कलपुर्जा उद्योग के लिए ज्यादा फायदे की बात है। वाहन कलपुर्जा क्षेत्र में सबसे अधिक लाभ मझोले और भारी वाणिज्यिक वाहन सेगमेंट को होगा। ब्रोकरेज फर्म का मानना ​​है कि इसके तहत आने वाली प्रमुख कंपनियों में भारत फोर्ज, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज, स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स और सनसेरा इंजीनियरिंग शामिल हैं।

तीसरी तिमाही के नतीजों ने भी इन कंपनियों के प्रति निवेशकों का सकारात्मक रुझान बढ़ाया है। तीसरी तिमाही में राजस्व में अपेक्षित वृद्धि और उचित मूल्यांकन को देखते हुए नोमूरा रिसर्च ने भारत फोर्ज को खरीद की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म के कपिल सिंह और सिद्धार्थ बेरा का मानना ​​है कि रक्षा, एरोस्पेस क्षेत्र में मजबूत वृद्धि और भारत में वाणिज्यिक वाहनों की बढ़ती मांग के चलते कंपनी में मजबूत बढ़त देखने को मिलेगा।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से टैरिफ का बोझ कम हो गया है और नए ऑर्डर मिलने का सिलसिला बने रहने की उम्मीद है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि यूरोपीय संघ के स्टील कारोबार का पुनर्गठन और संभवतः इसके एक हिस्से को भारत में स्थानांतरित करना भी उत्प्रेरक का काम कर सकता है।

देश की सबसे बड़ी वाहन कलपुर्जा निर्माता कंपनी संवर्धन मदरसन ने भी तीसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। इस कारण उसके लक्षित मूल्य में वृद्धि हुई। मोतीलाल ओसवाल रिसर्च ने प्रतिकूल वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद तीसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए वित्त वर्ष 2026 के लिए अपने आय अनुमानों में 6 फीसदी की वृद्धि की है।

ब्रोकरेज फर्म के अनिकेत म्हात्रे के नेतृत्व में विश्लेषकों का मानना ​​है कि प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग और इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ते रुझान ऑटो और गैर-ऑटो सेगमेंट में मजबूत ऑर्डरों का बैकलॉग और हाल में किए गए अधिग्रहणों के सफल एकीकरण के कारण कंपनी वैश्विक ऑटोमोबाइल बिक्री में बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखेगी।

एंड्योरेंस टेक्नॉलजीज का तिमाही प्रदर्शन स्थिर रहा। लेकिन ब्रोकरेज फर्में, विशेष रूप से यूरोपीय कारोबार को लेकर, सतर्क हैं। जीएसटी दरों में कटौती के बाद घरेलू वाहन कलपुर्जा क्षेत्र ने अच्छी शुरुआत की है। लेकिन यूरोपीय कारोबार चुनौतीपूर्ण माहौल में चल रहा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज का मानना ​​है कि आगे चलकर कंपनी को घरेलू दोपहिया उद्योग के बढ़ते प्रीमियमकरण से लाभ मिलता रहेगा, जो उसके इनवर्टेड फ्रंट फोर्क्स, स्लिप/असिस्ट क्लच और हाइड्रोलिक ब्रेक सिस्टम के पोर्टफोलियो के लिए अच्छा संकेत है।

चुनौतियों के बावजूद मजबूत खुद के दम पर वृद्धि के लिहाज से तीसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन के बाद इलारा सिक्योरिटीज सोना बीएलडब्ल्यू प्रीसिजन फोर्जिंग्स के प्रति सकारात्मक है। कंपनी लगातार नए उत्पाद विकास की मजबूत क्षमता प्रदर्शित कर रही है। वह उत्पाद, सेगमेंट और ग्राहक विस्तार के मोर्चे पर कई उपाय अपना रही है। जे काले के नेतृत्व वाले विश्लेषकों ने वित्त वर्ष 2026-28 के लिए अपने अनुमानों में 2 से 5 फीसदी की वृद्धि की है।

First Published : February 15, 2026 | 9:31 PM IST