अगले हफ्ते चार राज्यों में टीकाकरण का अभ्यास

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 10:26 AM IST

केंद्र सरकार ने कोविड-19 टीकाकरण के लिए चार राज्यों- पंजाब, असम, आंध्र प्रदेश और गुजरात में पूर्वाभ्यास की योजना बनाई है यानी उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण से एक-एक राज्य शामिल किया गया है। इसका मकसद टीके की शुरुआत के लिए तैयारियों का आकलन करना है। यह पूर्वाभ्यास 28 और 29 दिसंबर को चलेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस पूर्वाभ्यास में टीके की आपूर्ति की निगरानी के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को-विन में आवश्यक डेटा दर्ज करना, जांच रसीद एवं आवंटन, टीम सदस्यों की तैनाती, जांच लाभार्थियों के साथ टीका स्थलों पर छद्म अभ्यास आदि शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि इसमें कोविड-19 टीके के लिए शीत भंडारगृह और परिवहन व्यवस्था, उचित शारीरिक दूरी के साथ टीका स्थलों पर भीड़ के प्रबंधन का परीक्षण भी शामिल है। 

 

प्रत्येक राज्य दो जिलों और संभव हो तो पांच अलग-अलग टीका स्थलों- जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), शहरी चिकित्सा केंद्र, निजी स्वास्थ्य केंद्र और ग्रामीण क्षेत्र में पूर्वाभ्यास की योजना बनाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘इस पूर्वाभ्यास से कोविड-19 टीकाकरण प्रक्रिया का परीक्षण होगा। इससे जमीनी स्तर पर को-विन के इस्तेमाल की जांच होगी। योजना, कार्यान्वयन और रिपोर्टिंग व्यवस्था में तालमेल का पता चल पाएगा और चुनौतियों को चिह्नित किया जा सकेगा। वास्तविक क्रियान्वयन से पहले मार्गदर्शन प्राप्त होगा और कहीं सुधार की जरूरत होगी तो उसका भी पता चल पाएगा।’

 
इससे विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम प्रबंधकों को प्रायोगिक अनुभव मिलेगा। इस पूर्वाभ्यास में टीकाकरण के बाद किसी संभावित प्रतिकूल स्थिति से निपटने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसमें बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए टीका स्थल पर संक्रमण नियंत्रण पद्धतियों को अपनाने और प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस पूर्वाभ्यास में खंड एïवं जिला स्तरों पर एक साथ निगरानी और राज्यों एवं केंद्र के साथ साझा किए गए जाने वाला फीडबैक तैयार करना भी शामिल है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक व्यापक जांच सूची तैयार की है और चार राज्यों को भेजी है ताकि उन्हें पूर्वाभ्यास के बारे में निर्देशित किया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘केंद्र सरकार देश भर में कोविड-19 टीकाकरण शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस टीकाकरण प्रक्रिया में टीका प्रशासक एक अहम भूमिका अदा करेंगे, इसलिए विभिन्न राज्यों में प्रशिक्षकों और टीका लगाने वालों के प्रशिक्षण को अंजाम दिया जा रहा है।’ टीकाकरण शुरू करने के लिए मानव संसाधन मजबूत करने की खातिर टीका प्रबंधकों और प्रशासकों की विभिन्न श्रेेणियों के लिए व्यापक प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए गए हैं।
 

इन टीका प्रबंधकों और प्रशासकों में चिकित्सा अधिकारी, टीका शीत भंडारगृह प्रबंधक, आशा समन्वयक और विभिन्न स्तरों पर क्रियान्वयन योजना में शामिल अन्य लोग शामिल हैं। इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षण के सभी परिचालन पहलू शामिल होंगे जैसे टीका सत्र का आयोजन, पूरी टीकाकरण प्रक्रिया के प्रबंधन के लिए को-विन आईटी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल, मानव संसाधन की तैनाती, शीतभंडारगृहों की तैयारी, प्रतिकूल स्थितियों से निपटना, संचार एवं अंतर-क्षेत्र समन्वय, चिकित्सा कचरे का प्रबंधन, संक्रमण को रोकने के नियम आदि। प्रशिक्षकों के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के दौरान 2,360 भागीदारों को प्रशिक्षित किया गया था, जिनमें राज्य टीकाकरण अधिकारी, शीतभंडारगृह अधिकारी, सूचना, शिक्षा एवं संचार अधिकारी और विकास साझेदार शामिल हैं।  अब तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इसमें 7,000 जिला स्तरीय प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया। केवल लक्षद्वीप में प्रशिक्षण नहीं हुआ है।

First Published : December 25, 2020 | 10:00 PM IST