लोकल की रफ्तार के साथ कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 8:16 AM IST

सामान्य लोगों को लोकल ट्रेन में सफर की अनुमति मिली, तो लोकल में यात्रियों की संख्या दोगुनी हो गई। इसी के साथ मुंबई और आसपास के इलाकों में कोरोना मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़नी शुरू हो गई। मुंबई सहित पूरे राज्य में कोरोना मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या प्रशासन की नींद उठा दी है। टीकाकरण की प्रक्रिया तेज करने के साथ प्रशासन ने लोगों से ढिलाई न करने की अपील की है।
लोकल ट्रेन में आम लोगों को यात्रा करने की अनुमति दिए दो सप्ताह हो गए। इस बीच यात्रियों की संख्या में करीब 22 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है। लोकल में प्रतिदिन सफर करने वालों की 42 लाख के पार पहुंच चुकी है। सामाजिक दूरी पूरी तरह खत्म हो चुकी है। सरकारी नियमों के मुताबिक 1,200 यात्रियों की क्षमता वाली लोकल में 700 लोगों को सफर करने की अनुमति है, जबकि इस समय 1,400 से ज्यादा लोग सफर कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या ने प्रशासन की चिंता बढ़ दी है क्योंकि संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे निपटने के लिए प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वह ‌अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे।
मुंबई में रविवार को 645 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 3,14,076 पहुंच गए हैं जबकि 11,419 संक्रमितों की मौत हो गई है। मुंबई उपनगरों में 1,141 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद उपनगरों में 7,04,561 मामले हो गए हैं, जबकि 13 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 19,685 हो गई है। मुंबई से सटे ठाणे जिले में कोविड-19 के 354 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,57,745 हो गई। रविवार को कोविड-19 से दो लोगों की मौत भी हो गई, जिससे जिले में मृतक संख्या बढ़कर 6,202 हो गई। यहां कोविड-19 से मृत्यु दर 2.41 प्रतिशत है। नासिक में 122, पुणे शहर में 353 और पिंपरी चिंचवाड में 138 नए मामले आए. औरंगाबाद शहर और हिंगोली में कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं आया है। कोल्हापुर मंडल में एक मौत हुई है जो रत्नागिरी में हुई है। बीड में संक्रमण के कारण चार लोगों की जान गई है। अमरावती शहर में 430, यवतमाल में 105 और नागपुर शहर में 437 नए मामले सामने आए हैं।
पूरे महाराष्‍ट्र की बात करें तो यह हाल के दिनों में कोरोना के नए मामलों की संख्‍या में हुए इजाफे ने प्रशासन की नींद उड़ाई है। पिछले पांच दिनों से राज्‍य में कोरोना के केस लगातार बढ़े हैं। फरवरी माह के पहले हफ्ते में महाराष्‍ट्र में कोरोना के नए मामले दो हजार के पास थे, वे तीन हजार के पार चला गया है। रविवार को तो राज्‍य में कोरोना के नए मामलों की संख्‍या चार हजार के पार चली गई है। पिछले 40 दिनों में यह पहली बार है, जब महाराष्‍ट्र में चार हजार के पार आंकड़ा पहुंचा है। राज्य में रविवार को कोरोना के 4,092 नए केस दर्ज किए गए और कोरोना के कारण रविवार को यहां 40 लोगों की मौत हुई। राज्‍य में कोरोना संक्रमण के अब तक 20 लाख, 64 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं, जबकि राज्‍य में अब तक 51,529 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में संक्रमण से मुक्त होने की दर करीब 95.7 फीसदी है जबकि कोरोना वायरस से मृत्यु दर 2.5 प्रतिशत के आसपास है।
हालांकि देश में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार कमी हो रही है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 11,649 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,09,16,589 हो गई। वहीं, इस महीने में नौंवी बार संक्रमण से एक दिन में 100 से कम लोगों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 90 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,55,732 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 1,06,21,220 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.29 फीसदी हो गई। वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.43 प्रतिशत है। देश में अभी उपचाराधीन लोगों की संख्या डेढ़ लाख से कम है। अभी कुल 1,39,637 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.28 प्रतिशत है। देश में पिछले साल 7 अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 14 फरवरी तक 20,67,16,634 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 4,86,122 नमूनों का परीक्षण रविवार को किया गया था।

First Published : February 15, 2021 | 9:07 PM IST