देश में कोविड-19 के छह नए मामलों का पता लगने के बाद भारत ब्रिटेन की उड़ानों पर लगे प्रतिबंध को कुछ और अवधि के लिए बढ़ा सकता है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा, ‘मुझे लगता है कि उड़ान पर लगे अस्थायी प्रतिबंध को बढ़ाया जा सकता हैं।’ अब तक सरकार ने ब्रिटेन और भारत के बीच की उड़ान सेवा पर 31 दिसंबर तक के लिए रोक लगाई है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से भारत पहुंचे 33,000 से अधिक व्यक्तियों की ट्रैकिंग की गई और उनका परीक्षण किया गया। इनमें से यहां आए 11 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। जीनोम अनुक्रमण के लिए उनके सैंपल प्रयोगशालाओं में भेजे गए थे। कोविड-19 के नए संस्करण वाले सभी व्यक्तियों को निर्दिष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ एक कमरे में अलग रखा गया है और उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘हमारा सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा है। हमने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की है और उनकी टेस्टिंग कर ली है। यदि आवश्यकता पड़ी तो हम आगे कदम उठाने के लिए तैयार हैं।’ भारतीय एवं ब्रिटिश विमानन कंपनियां दोनों देशों के बीच 60 से अधिक साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती हैं। भारत से/ के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा को ‘एयर ट्रैवल बबल’ के तहत विनियमित किया जा रहा है और अब तक भारत ने 24 देशों के साथ इस तरह के समझौते किए हैं। उड्डयन मंत्री ने उम्मीद जताई है कि सामान्य अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा 2021 की पहली छमाही में फिर से शुरू हो सकती है क्योंकि कोविड-19 टीके की आसानी से उपलब्धता से सरकारें प्रवेश प्रतिबंधों में ढील दे सकती हैं।