सिर्फ सत्ता हासिल करना भाजपा का लक्ष्य नहीं

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 8:01 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि उसकी प्राथमिकता देश के लिए बड़ा काम करना और देश को बड़ा बनाना है। उन्होंने कहा कि इसे ही ध्यान में रखते हुए भाजपा को अपने संगठन का विस्तार करना चाहिए।
राजधानी स्थित एनडीएमसी कन्वेशन सेंटर में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ये बातें कहीं। इसकी जानकारी भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने दी। यादव के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा का जो मिशन है, भाजपा का जो संगठन है, यह केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं है। बल्कि उसके लिए प्राथमिकता देश के लिए बड़ा कार्य करना है और देश को बड़ा बनाना है।’
मोदी ने कहा कि भाजपा संगठन को भी उसी हिसाब से अपनी गुणवत्ता में विकास करना चाहिए। ‘सबका साथ, सबका विकास’ को भाजपा का मूलमंत्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मूलमंत्र को लेकर ही भाजपा देश में सकारात्मक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, ‘चाहे जीएसटी सुधार का विषय हो, कृषि सुधार के विषय हो या फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण का विषय हो। देश में लगातार सुधार का कार्य करते हुए भारत को आगे ले जाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।’    

अभिषेक को सीबीआई का नोटिस
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की एक टीम रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पर पहुंची और उनकी पत्नी को नोटिस थमाकर कोयला चोरी मामले की जांच में शामिल होने को कहा।
इस घटनाक्रम ने चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है। सीबीआई ने अभिषेक की साली को भी नोटिस थमाया और सोमवार को जांच में शामिल होने को कहा।
सूत्रों ने बताया कि टीम ने अभिषेक की पत्नी रुजिरा बनर्जी को पश्चिम बंगाल स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) से कोयला चोरी के मामले में जांच अधिकारी, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार की ओर से जारी नोटिस थमाया।  भाषा

First Published : February 21, 2021 | 11:20 PM IST