कनाडा के निवेशकों को मोदी का आमंत्रण

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 10:58 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कनाडा के निवेशकों को भारत में शिक्षा, कृषि और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत निवेशकों को राजनीतिक स्थिरता और निवेश अनुकूल नीतियों के साथ, उन सब चीजों की पेशकश करता है जो निवेशक किसी देश में निवेश करने से पहले सोचते हैं।
उन्होंने इस मौके पर श्रम और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे न केवल निवेशकों के लिए व्यापार करना सुगम होगा बल्कि किसानों तथा कामगारों को भी लाभ होगा। मोदी ने कनाडा में आयोजित इनवेस्ट इंडिया सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि एक गतिशील लोकतंत्र, राजनीतिक स्थिरता और व्यापार अनुकूल नीतियों के साथ भारत विदेशी निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य है। यह सम्मेलन भारत और कनाडा के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने के मकसद से आयोजित किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षा, कृषि और श्रम क्षेत्रों में महत्त्वपूर्ण सुधार किए हैं। इन सुधारों का मकसद निजी क्षेत्र की भागीदारी में सुधार लाना है।
मोदी ने कहा, ‘अगर आप शिक्षा के क्षेत्र में भागीदारी चाह रहे हैं तो वह स्थान भारत है। अगर आप विनिर्माण या सेवा क्षेत्रों में निवेश पर विचार कर रहे हैं, वह स्थान भारत है। अगर आप कृषि के क्षेत्र में सहयोग पर गौर कर रहे हैं, उसके लिए भारत उपयुक्त स्थान है।’ उन्होंने कहा, ‘भारत की स्थिति आज सुदृढ़ है तथा कल और मजबूत होगी हम हवाईअड्डा, रेलवे, राजमार्ग, बिजली ट्रांसमिशन समेत कई क्षेत्रों में बेहतर कर रहे हैं।’ मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) व्यवस्था को उदार बनाया गया है और सरकारी संपत्ति तथा पेंशन कोष के लिए कर व्यवस्था अनुकूल बनाई गई हैं।

First Published : October 8, 2020 | 11:34 PM IST