कोविड प्रबंधन पर कांग्रेस ने जारी किया ‘श्वेत पत्र’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:25 AM IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोविड-19 महामारी से जुड़े सरकार के प्रबंधन को लेकर मंगलवार को पार्टी की ओर से एक ‘श्वेत पत्र’ जारी किया और केंद्र से आग्रह किया कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अभी से पूरी तैयारी की जाए तथा टीकाकरण तेज गति से चलाया जाए।  
कांग्रेस ने जो ‘श्वेत पत्र’ जारी किया है उसमें पहली और दूसरी लहर के दौरान केंद्र सरकार की कथित ‘गलतियों और कुप्रबंधन’ का उल्लेख किया गया है। इसमें कोरोना के नियंत्रण से जुड़े कदमों की समीक्षा के लिए सर्वदलीय समिति बनाने, गरीबों की आर्थिक मदद करने, कोविड प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की मदद करने और राज्यों को न्यायसंगत एवं उचित मात्रा में टीके उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है।  उन्होंने दावा किया कि कोविड-19 महामारी की पहली और दूसरी लहर के दौरान सरकार का प्रबंधन त्रासदीपूर्ण रहा तथा इसी कारण लाखों लोगों की जान अनावश्यक रूप से चली गई, जबकि समय रहते कदम उठाकर इसे रोका जा सकता था। 
पंजाब मसले पर चर्चा
कांग्रेस की पंजाब इकाई में कलह को दूर करने के मकसद से गठित 3 सदस्यीय समिति ने मंगलवार को राज्य के मुख्यमत्री अमरिंदर सिंह के साथ लंबी मंत्रणा की। ऐसा समझा जाता है कि इसमें कलह दूर करने के फार्मूले पर विचार करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर उतरने की तैयारी पर चर्चा हुई। 
केंद्र की सर्वदलीय बैठक में शामिल होगा गुपकार गठबंधन 
गुपकार जन घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला ने मंगलवार को बताया कि गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होगा। यह घोषणा अब्दुल्ला के गुपकार रोड स्थित आवास पर केंद्र के निमंत्रण को लेकर चर्चा करने के लिए बुलाई गई पीएजीडी नेताओं की बैठक के बाद की गई। गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ मौजूद अब्दुल्ला ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमें प्रधानमंत्री का निमंत्रण मिला है और हम (बैठक में) शामिल होंगे।’ पीएजीडी अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन को विश्वास है कि वह बैठक के दौरान प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने अपना पक्ष रखने में सक्षम होगा। अब्दुल्ला ने कहा, ‘बैठक के बाद हम आपको यहां और दिल्ली में बताएंगे कि हमने वहां क्या किया।’  भाषा

First Published : June 22, 2021 | 11:52 PM IST