भाजपा ने उत्तराखंड में जारी की 59 उम्मीदवारों की सूची

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 9:51 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड के आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 59 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी ऋतु सहित 10 विधायकों के टिकट काट दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक बार फिर खटीमा से जबकि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने भाजपा महासचिव अरुण सिंह और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी की मौजूदगी में उम्मीदवारों की घोषणा की।  पार्टी ने धामी सरकार में शामिल सभी मंत्रियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से टिकट दिया है। सतपाल महाराज को चौबट्टाखाल से, बंशीधर भगत को कालाढूंगी से, बिशन सिंह चुफाल को डीडीहाट, सुबोध उनियाल को नरेंद्र नगर, अरविंद पांडेय को गदरपुर, गणेश जोशी को मसूरी, धन सिंह रावत को श्रीनगर, रेखा आर्य को सोमेश्वर और यतीश्वरानंद को हरिद्वार ग्रामीण से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने जिन 10 विधायकों के टिकट काटे उनमें द्वाराहाट से महेश नेगी, कपकोट से बलवंत सिंह भौर्याल और यमकेश्वर से खंडूरी की बेटी ऋतु खंडूरी के नाम प्रमुख हैं। द्वाराहाट से अनिल शाही और कपकोट से सुरेश गडिय़ा को उम्मीदवार बनाया गया है। यमकेश्वर से रेणु बिष्ट को पार्टी ने टिकट दिया है। थरेली से विधायक मुन्नी देवी, कर्णप्रयाग से विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, पौड़ी से मुकेश सिंह कोली, गंगोलीहाट से मीना गंगोला, अल्मोड़ा से रघुनाथ सिंह चौहान को पार्टी ने टिकट नहीं दिया है।     भाषा

मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में मैनपुरी जिले की करहल सीट से मैदान में उतरेंगे। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने गुरुवार को बताया कि अखिलेश मैनपुरी की करहल सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। अखिलेश इस समय आजमगढ़ से सांसद हैं और पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। आज की घोषणा से पहले उनके अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की ही किसी विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे की अटकलें लगाई जा रही थीं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा की मैनपुरी इकाई ने गुरुवार को सपा मुखिया को करहल सीट से चुनाव लडऩे की पेशकश की थी जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया। करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का पिछली सात बार से कब्जा रहा है। 2017 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की लहर के बावजूद सपा उम्मीदवार सोबरन यादव को इस सीट पर एक लाख से ज्यादा वोट मिले थे और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रेम शाक्य को 38 हजार से ज्यादा मतों से हराया था।
गौरतलब है कि अखिलेश के पिता व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से सांसद हैं। वह पांचवीं बार यहां से सांसद चुने गये हैं। मुलायम का करहल से गहरा नाता है।

योगी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे चंद्रशेखर
दलित नेता चंद्रशेखर आजाद गोरखपुर शहर सीट से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उनकी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गुरुवार को यह घोषणा की। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं। आजाद ने कहा कि वह भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, ‘बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय’ की बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम साहब की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), गोरखपुर सदर (322) सीट से चंद्रशेखर आजाद को अपना उम्मीदवार घोषित करती है।’  

सपा और कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के एक अन्य रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता और कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। गुप्ता और मौर्य राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख लक्ष्मीकांत बाजपेयी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।      भाषा

First Published : January 20, 2022 | 10:55 PM IST