अंतरराष्ट्रीय

चीन के खतरे के बीच ताइवान का बड़ा कदम, नागरिकों के लिए अनिवार्य सैन्य सर्विस बढ़ाकर एक साल की जायेगी

ताइवान में अनिवार्य सैन्य सेवा का यह नया नियम 2005 के बाद पैदा हुए पुरुषों पर लागू होगा। यह नया नियम एक जनवरी, 2024 से अमल में लाया जाएगा।

Published by
भाषा
Last Updated- December 27, 2022 | 7:52 PM IST

चीन के खतरे के बीच ताइवान अनिवार्य सैन्य सर्विस की अवधि को बढ़ाकर एक साल करेगा। ताइवान के राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने मंगलवार को कहा कि देश के नागरिकों के लिए अनिवार्य सैन्य सेवा की अवधि को 2024 से चार महीने से बढ़ाकर एक साल करने का फैसला किया गया है।

बता दें कि वर्ष 1949 में गृहयुद्ध के बाद चीन से अलग हुए ताइवान पर चीन अब भी अपना दावा करता है। इस स्वायत्त क्षेत्र में चीन द्वारा अतिक्रमण का दशकों पुराना खतरा 2016 में चीन द्वारा द्वीपीय देश के साथ संवाद बंद करने के बाद से और बढ़ गया है।

ताइवान में अनिवार्य सैन्य सेवा का यह नया नियम 2005 के बाद पैदा हुए पुरुषों पर लागू होगा। यह नया नियम एक जनवरी, 2024 से अमल में लाया जाएगा। वहीं, 2005 से पहले जन्मे लोगों के लिए पुरानी चार महीने की सैन्य सेवा अनिवार्य होगी।

राष्ट्रपति साई ने कहा, ‘‘कोई युद्ध नहीं चाहता है। यह ताइवान सरकार और जनता तथा वैश्विक समुदाय सभी के लिए सच है, लेकिन शांति आसमान से नहीं टपकती है और तानाशाही के विस्तार की सूरत में ताइवान इससे प्रभावित होने वाले शुरूआती देशों में से होगा।’’

First Published : December 27, 2022 | 7:52 PM IST