अंतरराष्ट्रीय

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 6.1 रही तीव्रता

डारियोनो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भूकंप के कारण कई इमारतों और मकानों को मामूली नुकसान हुआ है।’’

Published by
भाषा   
Last Updated- November 02, 2023 | 12:16 PM IST

दक्षिणपूर्वी इंडोनेशिया में बृहस्पतिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए जिसके कारण इमारतों और मकानों को मामूली क्षति पहुंची। इस दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी में भूकंप और सुनामी केंद्र के प्रमुख डारियोनो ने कहा कि भूकंप के तेज झटके कई शहरों एवं गांवों में महसूस किए गए, जिसके कारण लोगों में दहशत फैल गई।

डारियोनो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भूकंप के कारण कई इमारतों और मकानों को मामूली नुकसान हुआ है।’’

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.1 थी। उसने कहा कि इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत की राजधानी कुपांग से 21 किलोमीटर (13 मील) उत्तर-उत्तर पूर्व में, 36 किलोमीटर (22 मील) गहराई में था। इंडोनेशियाई एजेंसी ने शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी।

भूकंपों के शुरुआती मापों में बदलाव आम बात है। इंडोनेशिया भूकंपीय रूप से एक सक्रिय द्वीपसमूह है जो अक्सर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी से प्रभावित होता है।

देश में पिछले साल 5.6 तीव्रता के भूकंप ने पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में कम से कम 602 लोगों की जान ले ली थी। यह 2018 में सुलावेसी में आए उस भूकंप और सुनामी के बाद से इंडोनेशिया में सबसे घातक भूकंप था, जिसमें 4,300 से अधिक लोग मारे गए थे। इससे पहले, 2004 में हिंद महासागर में आए एक अत्यंत शक्तिशाली भूकंप के कारण सुनामी आई थी, जिसमें एक दर्जन देशों में 2,30,000 से अधिक लोग मारे गए। इनमें से अधिकतर लोगों की मौत इंडोनेशिया के आचे प्रांत में हुई थी।

First Published : November 2, 2023 | 12:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)