अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख खालिदा जिया का 80 वर्ष की उम्र में ढाका में इलाज के दौरान निधन हो गया।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 30, 2025 | 8:05 AM IST

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष और देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं। वह ढाका के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रही थीं।

BNP की ओर से फेसबुक पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी दी गई। पोस्ट में बताया गया कि खालिदा जिया का निधन सुबह करीब 6 बजे, फजर की नमाज के कुछ देर बाद हुआ।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खालिदा जिया को 23 नवंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें दिल और फेफड़ों में संक्रमण के साथ निमोनिया की शिकायत थी।

खालिदा जिया लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। उन्हें हृदय रोग, लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं, मधुमेह, फेफड़ों की बीमारी, गठिया और आंखों से संबंधित परेशानियां थीं। इससे पहले उनके दिल में स्टेंट लगाया गया था और उनके पास स्थायी पेसमेकर भी था।

खालिदा जिया बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और देश की राजनीति में उनका अहम योगदान माना जाता है। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में शोक की लहर है।

First Published : December 30, 2025 | 8:05 AM IST