भारत

Wayanad Landslides: प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया

PM मोदी ने इस हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 30, 2024 | 11:34 AM IST

Wayanad Landslides: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के वायनाड जिले में भूस्खलन की घटनाओं में लोगों की मौत पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को संकट से निपटने के लिए केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। अधिकारियों के मुताबिक, केरल के पहाड़ी जिले वायनाड में मंगलवार तड़के भूस्खलन की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत 23 लोगों की मौत हो गई।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वायनाड में कुछ जगहों पर भूस्खलन की खबर से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजन को खोया है और जो घायल हुए हैं, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए बचाव अभियान जारी है।’’

मोदी ने लिखा, ‘‘केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन से बात की और वहां उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।’’

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राज्य से संबंध रखने वाले दो केंद्रीय मंत्रियों-सुरेश गोपी और जॉर्ज कुरियन से भी मौजूदा स्थिति पर बात की। उन्होंने बताया कि मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से क्षेत्र में राहत कार्यों में मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी भेजने को कहा।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री ने वायनाड में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।”

First Published : July 30, 2024 | 11:31 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)